देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में आज भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, दून में स्कूल बंद
उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक जमकर सर्दी पड़ रही है। हालांकि, मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप के चलते कुछ राहत है। सुबह, शाम और रात को ही ज्यादा सर्दी का अहसास हो रहा है। अब एक बार फिर से मौसम करवट बदलने वाला है। पूरे राज्यभर में जोरदार बारिश की संभावना है। ऐसे में राजधानी देहरादून में जिला प्रशासन ने आज 27 जनवरी के लिए पहली कक्षा से 12वीं तक के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी की घोषणा की है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 27 जनवरी को देहरादून में कहीं कहीं भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर के साथ मध्यम बर्फबारी का ओरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। ऐसे में कोई अप्रिय घटना ना हो, इसके लिए स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड का मौसम और मौसम पूर्वानुमान
राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 27 जनवरी को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। 2500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है। अगले एक से दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसके बाद दो से तीन दिन में न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री कम होने की संभावना है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्र की घाटियों में सप्ताह के दौरान कोहरा छाया रहेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
आज के लिए ओरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज 27 जनवरी को उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना के मद्देनजर ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, उधमसिंह नगर, जिले में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ओरेंज अलर्ट है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट है। 28 जनवरी को कुमाऊं के जिलों के लिए येलो अलर्ट है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



