उत्तराखंड में 13 दिन बाद हुई कोरोना से एक मौत, ब्लैक फंगस के दस मरीज डिस्चार्ज
उत्तराखंड में कोरोना के संक्रमितों में उतार चढ़ाव जारी है। नए संक्रमितों की संख्या भी मामूली है। मंगलवार 21 सितंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 12 नए संक्रमित मिले। इस अवधि में एक मरीज की मौत हुई। 13 दिन बाद किसी मरीज की कोरोना से जान गई। वहीं, एक दिन पहले सोमवार 20 सितंबर को कोरोना के 11 नए संक्रमित मिले थे। वहीं, ब्लैक फंगस से राहत की खबर ये है कि डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी से दस मरीज डिस्चार्ज किए गए। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो मंगलवार को 1048 केंद्रों में 67131 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू पांच अक्टूबर की सुबह तक बढ़ा दिया गया है।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
अब तक कुल 7391 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343405 हो गई है। इनमें से 329679 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 28 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 249 है। अब तक प्रदेश में कुल 7391 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96 फीसद है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
ब्लैक फंगस से राहत
उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के नए केस कम मिल रहे हैं। मंगलवार को ब्लैक फंगस का एक भी केस नहीं मिला। किसी मरीज की मौत नहीं हुई। 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 581 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 132 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। 363 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।




