उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या स्थिर, नहीं हुई किसी मरीज की मौत
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या स्थिर बनी हुई है। वहीं, शनिवार को राहत वाली बात ये है कि किसी मरीज की कोरोना से मौत नहीं हुई। शनिवार 25 सितंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना के 15 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले शुक्रवार 24 सितंबर को कोरोना के 14 मरीज मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो शनिवार को 890 केंद्रों में 49525 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू पांच अक्टूबर की सुबह तक है।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2021.09.25 Health Bulletin
अब तक कुल 7393 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343474 हो गई है। इनमें से 329758 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 20 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 228 है। अब तक प्रदेश में कुल 7393 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96.01 फीसद है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
ब्लैक फंगस से राहत
उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के नए केस कम मिल रहे हैं। शनिवार को ब्लैक फंगस का एक भी केस नहीं मिला। किसी मरीज की मौत नहीं हुई। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 581 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 132 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। 375 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।



