अब एक फरवरी से पूरे उत्तराखंड में चलेगा बारिश का सिलसिला, फिलहाल तापमान बढ़ने की संभावना, जानिए मौसम पूर्वानुमान
उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला थम सा गया है। अधिकांश जिलों में धूप खिलने से अब सर्दी से राहत भी महसूस की जा रही है। हालांकि, पिछले दो दिन अत्यधिक सर्दी थी। आज गुरुवार 29 जनवरी की सुबह से ही राजधानी देहरादून सहित राज्यभर के कई जिलों में धूप खिल गई थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि दो दिन के बाद से ही बारिश की संभावना को लेकर मौसम में परिवर्तन की उम्मीद है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 29 और 30 जनवरी को राज्य के जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर जिले के मैदानी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा छाने की उम्मीद है। 31 जनवरी को मौसम में बदलाव की उम्मीद है। इस दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और 3000 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
एक फरवरी से बारिश पकड़ेगी रफ्तार
मौसम विभाग का अनुमान है कि एक और दो फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग जिलों के अनेक स्थानों पर, देहरादून, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही 2800 मीटर व उससे अधिक की ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है। इसी दिन राज्य के शेष जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। दो फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 2800 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तीन फरवरी को राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 2800 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी संभावित है। मैदानी जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। चार फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, 3000 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई पर बर्फबारी संभावित है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
चार दिन का येलो अलर्ट
मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में अगले एक से दो दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद एक दो दिन में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक इसमें बढ़ोत्तरी संभावित है। 29 और 30 जनवरी के लिए हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में कहीं कहीं घना कोहरा छाने, पर्वतीय क्षेत्र में कहीं कहीं पाला पड़ने की संभावना का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। एक और दो फरवरी के लिए राज्य के जिलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना का येलो अलर्ट है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
गुरुवार 29 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे देहरादून का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम छह डिग्री रहने की संभावना है। 30 जनवरी से लेकर पांच फरवरी तक देहरादून में अधिकतम तापमान क्रमशः 19, 18, 18, 19, 16, 17, 19 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान आठ, आठ, नौ, नौ, छह, सात, सात डिग्री रह सकता है। 30 जनवरी से लेकर चार फरवरी तक देहरादून में बादल भी छाए रहेंगे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



