देश में लगातार तीसरे दिन कोरोना के नए संक्रमित तीन लाख के पार, उत्तराखंड में तीसरी लहर में सर्वाधिक आठ मौत
देश में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। तीसरे दिन भी कोरोना के तीन लाख से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं। वहीं, उत्तराखंड में भी तीसरी लहर में सर्वाधिक आठ मौत दर्ज की गई है। शनिवार 22 जनवरी की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 337704 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 488 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। हालांकि कल के मुकाबले कोरोना के मामलों में कमी दर्ज की गई है। कल कोरोना के 347254 मामले दर्ज किए गए थे। साथ ही देश में ओमिक्रॉन के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। देश में ओमिक्रॉन के कुल मामले 10050 हो गए हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 2113365 हो गए हैं। फिलहाल देश में रिकवरी रेट घटकर 93.31 फीसद तक पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में कोरोना से 242676 लोग ठीक हुए हैं। इसके बाद कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर के 36301482 पहुंच गई है। इसके साथ ही देश में कोरोना की जांच के लिए 71.34 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में देश में 1960954 टेस्ट किए गए हैं।पिछले सात दिन के आंकड़े
देश में शुक्रवार 21 जनवरी को कोरोना के 347254 नए मामले और 703 मरीजों की मौत, गुरुवार 20 जनवरी को कोरोना के 317532 नए केस और 491 मरीजों की मौत, बुधवार 19 जनवरी को कोरोना वायरस के 282970 नए केस और 441 लोगों की मौत, मंगलवार 18 जनवरी को कोरोना के 238018 लाख केस और 310 मरीजों की मौत, सोमवार 17 जनवरी को कोरोना के 258089 नए मामले और 385 लोगों की मौत, रविवार 16 जनवरी को कोरोना वायरस के 271202 केस और 314 मौत, शनिवार 15 जनवरी को कोरोना के 268833 नए मामले और 402 लोगों की मौत हुई थी।
उत्तराखंड में पांच हजार के करीब पहुंचे नए संक्रमित
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। साथ ही कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। कोरोना की तीसरी लहर में सर्वाधिक आठ मौत शुक्रवार को दर्ज की गई। ये भी चिंता बढ़ाने वाली बात है। शुक्रवार 21 जनवरी की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 4964 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले गुरुवार 20 जनवरी को 4818 नए संक्रमित मिले थे। वहीं, 24 घंटे में आठ मरीजों की कोरोना से मौत हुई। उत्तराखंड में रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो शुक्रवार को 1121 केंद्रों में 33627 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.01.21 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7468 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 391915 हो गई है। इनमें से 349364 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 2189 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 26950 हो गई है। अब तक प्रदेश में कुल 7468 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 1.91 फीसद है। रिकवरी रेट 89.14 फीसद है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।




