उत्तराखंड में पुलिस जवानों को ग्रेड पे देने के लिए निकाला नया रास्ता, सृजित किए जाएंगे हेड कांस्टेबल और एएसआइ के पद
उत्तराखंड में पुलिस के जवानों की लंबे समय से ग्रेड पे 4200 रुपये देने की मांग चल रही है। इसे लेकर जवानों के परिजन भी आंदोलन कर चुके हैं। फिलहाल इस मांग को सीधे सरकार ने नहीं माना, लेकिन नया रास्ता निकाल लिया है। इससे पुलिस कर्मियों की इस मांग का समाधान करने का दावा किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)उत्तराखंड पुलिस महानिदेशालय से जारी सूचना के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पुलिस जवानों की ग्रेड पे की समस्या का एक अच्छा समाधान किया गया है। आंकड़ों में बताया गया है कि पुलिस विभाग में कांस्टेबलों के 17500 पद हैं और हेड कांस्टेबल के 3440 पद हैं। वहीं, एडिशनल एसआई का एक भी पद नहीं है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
बताया गया कि पुलिस जवानों को समय से प्रोन्नति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हेड कांस्टेबल रैंक के 1750 नए पद सृजित करने तथा एडिशनल एसआई का नया रैंक सृजित करते हुए 1750 नए पद स्वीकृत करने के आदेश जारी किए गए हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि उनका ग्रेड पै 4200 होगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने शासन के द्वारा लिए गए निर्णय के ऊपर खुशी जाहिर की है। साथ ही मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया है। अशोक कुमार ने कहा कि उनका विश्वास है कि इससे जवानों को प्रोन्नति के ज्यादा अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही विवेचना हेतु नए विवेचक उपलब्ध होने से विवेचना की गुणवत्ता में सुधार आएगा। अब देखना ये है कि इस मामले में पुलिस जवानों या उनके परिजनों की क्या प्रतिक्रिया आती है।



