देश में फिर बढ़े कोरोना के नए संक्रमित, उत्तराखंड में फिर बढ़े नए संक्रमित
भारत में कोरोना का कहर एक बार फिर से लगातार बढ़ रहा है। हर दिन नए संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वहीं, उत्तराखंड में नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। शनिवार 23 अप्रैल की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में 2,527 नए केस दर्ज हुए हैं। इस अवधि में कोरोना से 33 लोगों की मौत हुई है। देश में अभी एक्टिव केस की संख्या 15,079 हो गयी है। पिछले 24 घंटों में 1,656 मरीजों को कोरोना संक्रमण से मुक्ति मिली है। अब कोरोना के ठीक होने वाले कुल लोगों की संख्या 42517724 हो गई है। अब तक कोरोना से कुल 4,30,54,952 लोग संक्रमित हो चुके हैं। साथ ही कुल 5,22,149 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं 1,87,46,72,536 करोड़ वैक्सीन डोज अब तक लोगों को लगाए जा चुके हैं।पिछले सात दिन के आंकड़े
देश में शुक्रवार 22 अप्रैल को कोरोना के 2,451 नए केस और 54 लोगों की मौत, गुरुवार 21 अप्रैल को कोरोना के 2380 नए केस और 56 लोगों की मौत, बुधवार 20 अप्रैल को कोरोना के 2,067 नए केस और 40 लोगों की मौत, मंगलवार 19 अप्रैल को कोविड-19 के 1,247 नए केस और एक मरीज की मौत, सोमवार 18 अप्रैल को कोरोनावायरस के 2183 नए केस और 214 लोगों की मौत, रविवार 17 अप्रैल को कोरोना वायरस के कुल 1150 नए केस और चार लोगों की मौत, शनिवार 16 अप्रैल को कोविड-19 के 975 नए केस और चार लोगों की मौत हुई थी।
उत्तराखंड में नहीं हुई किसी मरीज की मौत
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। एक बार फिर नए संक्रमितों में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। नए संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या भी कम है। ऐसे में एक्टिव केस धीरे धीरे बढ़ रहे हैं। वहीं, राहत की बात ये है कि किसी मरीज की कोरोना से मौत नहीं हुई। शुक्रवार 22 अप्रैल की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 11 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले गुरुवार 21 अप्रैल छह नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो शुक्रवार को 780 केंद्रों में 12945 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
उत्तराखंड की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.04.22 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7693 मौत
उत्तराखंड में एक जनवरी 2022 से लेकर अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 92280 हो गई है। इनमें से 88736 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान एक मरीज स्वस्थ हुआ। एक्टिव मरीजों की संख्या 53 हो गई है। कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 7693 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं, एक जनवरी 2022 से अब तक 275 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। इस अवधि में मौत की दर 0.30 फीसद है। इस अवधि में रिकवरी दर 96.16 फीसद है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई। तीसरी लहर में एक फरवरी को सर्वाधिक 18 लोगों की मौत दर्ज की गई।




