Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 22, 2026

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता विनोद कापड़ी ने शुरू की फिल्म की शूटिंग, मुख्य किरदार निभा रहे बुजुर्ग पहली बार फेस कर रहे हैं कैमरा

इन दिनों उत्तराखंड की वादियों में फिल्मों की शूटिंग को लेकर कई हस्तियां आकर्षित हो रही हैं। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता विनोद कापड़ी ने भी पहाड़ के बुजुर्गों की कहानी को लेकर पिथौरागढ़ जिले की तरफ रुख किया। वह अपनी फिल्म बुबू हिमालय के माध्यम से बुजुर्ग दंपती की सच्ची कहानी को पर्दे पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। इसकी शूटिंग पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग में शुरू कर दी गई है। इस फिल्म की खासियत ये है कि बुजुर्ग दंपती की मुख्य भूमिका निभा रहे दोनों की बुजुर्गों ने आज से पहले कभी कैमरा फेस नहीं किया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

फिल्म के सहायक निर्देशक दिव्यांशु राठौर ने बताया कि ‘बुबू हिमालय’ की पूरी टीम पिछले दो हफ्तों से बेड़ीनाग क्षेत्र के चौपाता और बेलकोट में डेरा जमाए हुई है। पहला शेड्यूल इसी क्षेत्र के आसपास शूट किया जाएगा। टीम पहाड़ के गांवों और घरों में ही शूटिंग करने जा रही है। कहानी के बारे में फिल्म से जुड़े लोगों ने कुछ विशेष बताने से इनकार कर दिया है लेकिन पता चला है कि फिल्म की पूरी कहानी पहाड़ के दो बुजुर्ग आमा-बुबू किरदार के इर्द-गिर्द ही घूम रही है और उत्तराखंड में हो रहा पलायन केंद्र में है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

बताया जा रहा है कि अगले वर्ष फिल्म रिलीज की जाएगी। फिल्म के मुख्य किरदार के लिए बेरीनाग के उखाड़ा गांव के 78 वर्षीय पदम सिंह और गढ़तिर की 68 वर्षीय हीरा देवी का चयन किया है। कापड़ी ने दोनों के एक माह की वर्कशाप के जरिये एक्टिंग की एबीसीडी सिखाई। इस काम के लिए एक्टिंग कोच अनूप त्रिवेदी की मदद ली गई। शेरनी फिल्म में विद्या बालन के साथ अहम किरदार निभा चुके अनूप नेशनल स्कूल आफ ड्रामा के पास आउट हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

प्रयोगधर्मी फिल्म के लिए चर्चित निर्देशक विनोद कापड़ी का कहना है कि फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड में ही की जाएगी। फिल्म के सारे कलाकार उत्तराखंड से ही लिए गए हैं। बूबू हिमालय में संगीत गुलजार और विशाल भारद्धाज का होगा। कई ओटीटी प्लेटफार्म अपनी दिलचस्पी जता चुके हैं। इससे पहले विनोद कापड़ी मिस टनकपुर हाजिर हो, पीहू और 1232 किलोमीटर जैसी चर्चित फिल्में बना चुके हैं। वे मूल रूप से बेरीनाग के ही रहने वाले हैं। फिल्म की शूटिंग बेरीनाग के बाद रीठा, चौकोड़ी, थल, नाचनी, दारमा घाटी के दांतू और दुग्तू गांव में होगी। इस फिल्म की शूटिंग 35 से 40 दिनों में पूरी की जाएगी। लड्डू गोपाल वेंचर्स और भागीरथी फिल्म्स के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *