मेरा भारत महान, 30 स्कूली बच्चों को एक ही सुईं से लगा दिए कोरोना के टीके, अभिभावकों में हड़कंप
मेरा भारत महान। साथ ही ऐसे महान लोग, जो कुछ भी कर सकते हैं। वो महान स्वास्थ्य कर्मचारी, जो एक ही सीरिंज से स्कूली बच्चों को कोरोना का टीका लगाता चला गया। एक दो नहीं, बल्कि 30 से ज्यादा बच्चों को उसने कोरोना का टीका लगा दिया। महान तो वे शिक्षक भी हैं, जो ये सब देखते रहे और पहली बार में ही उन्होंने टीका लगाने वाले को टोका तक नहीं। घोर लापरवाही। जब इस बात की जानकारी अभिभावकों को मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। ये घटना है मध्य प्रदेश के सागर जिले की। जहां कोविड वैक्सीनेशन में बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सागर जिले के जैन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में कोविड वैक्सीनेशन के दौरान एक ही सिरिंज से 30 बच्चों को वैक्सीन लगा दी गई। बच्चों के परिजनों को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध कर दिया। बच्चों के परिवारजनों का कहना है कि एक ही सिरिंज से 30 बच्चों को वैक्सीन लगाई गई है। अभिभावकों ने सवाल करते हुए कहा कि अगर आने वाले समय में बच्चे को कोई समस्या होती है, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, वैक्सीनेशन कर रहे एएनएम जितेंद्र राय ने बताया कि उन्हें एचओडी का आदेश था कि एक ही सिरिंज से सभी बच्चों का वैक्सीनेशन करना है। हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे जिले के सीएमएचओ आरडी गोस्वामी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। इसमें जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
बता दें कि 21 जुलाई को कोरोना वैक्सीन अमृत महोत्सव के मुफ्त प्रिकॉशन डोज अभियान की शुरुआत भोपाल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी। वहीं, कोरोना से बचाव को लेकर सरकार 15 जुलाई से 30 सितंबर तक वैक्सीनेशन के लिए जन अभियान चला रही है। इसके तहत 18 साल से ऊपर उम्र के लोगों को मुफ्त प्रिकॉशन डोज लगाई जा रही है।




