बीएसपी से निष्कासित विधायक सपा नेता अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे, हो सकते हैं सपा में शामिल
असलम राइनी के नेतृत्व में बसपा से निकाले गए कई विधायक मंगलवार को अखिलेश यादव से मिलने समाजवादी पार्टी के दफ्तर गए।
यूपी सहित कई राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अब दलों में भी उठापटक का दौर शुरू हो गया है। असलम राइनी के नेतृत्व में बसपा से निकाले गए कई विधायक मंगलवार को अखिलेश यादव से मिलने समाजवादी पार्टी के दफ्तर गए। कयास लगाए जा रहे हैं कि विधान परिषद के चुनाव में बगावत करने के बाद पार्टी से बाहर किए गए सभी नौ बागी विधायक समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया।सूत्रों से मिल रही खबरों के मुताबिक, बसपा के बागी विधायक वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे। असलम राईनी के साथ करीब 9 विधायकों ने अखिलेश से मुलाकात की और पिछले दरवाजे से निकल गए। कहा जा रहा है कि अखिलेश यादव ने सभी जिताऊ उम्मीदवार को बीजेपी के खिलाफ टिकट देने का आश्वासन दिया है।
उधर, महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष केशव देव मौर्य भी अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। कुल मिलाकर 2022 से पहले नेताओं का पाला बदलने का कार्यक्रम बदस्तूर जारी रहेगा। अब देखना होगा बसपा के बागी सपा में शामिल होते हैं, अन्य किसी रणनीति के तहत भविष्य की राह तैयार करते हैं।
गौरतलब है कि बसपा के कद्दावर नेता लालजी वर्मा और राम अचल को हाल ही में मायावती ने पार्टी से निष्कासित किया है, जिसके बाद से कहा जा रहा है कि यह दोनों नेता भी बीजेपी और सपा में से किसी एक पार्टी की तरफ रुख कर सकते हैं। अभी तक इन दोनों की तरफ से कोई फैसला नहीं हुआ है। रामअचल राजभर और लाल जी वर्मा को लेकर भी संशय बरकरार है कि वह किस दल की तरफ रुख करेंगे। हालांकि, लालजी और रामअचल के करीबी बागी विधायकों ने समाजवादी पार्टी की तरफ रुख किया है।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






