मंत्री सुबोध उनियाल का लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन अत्यंत निंदनीय: गरिमा मेहरा दसौनी
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने नरेंद्रनगर नगरपालिका चुनाव के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल के आचरण की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का अहंकार संविधान और चुनावी नियमों से ऊपर नहीं हो सकता। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि मतदान के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रोटोकॉल एवं निर्वाचन नियमों की अनदेखी की। मतदान केंद्र के भीतर उनका प्रवेश करना अपने आप में गंभीर मामला है। इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि जब स्थानीय लोगों और मतदाताओं ने इस पर आपत्ति जताई तो मंत्री ने संयम और मर्यादा का परिचय देने के बजाय आक्रामक एवं अभद्र व्यवहार किया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कांग्रेस नेत्री गरिमा ने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया, आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। विरोध कर रहे लोगों के मोबाइल फोन तक छीनने की कोशिश की गई। यदि सत्ता में बैठे मंत्री ही कानून और चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन करेंगे तो आम जनता से नियमों के पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि भाजपा का “सबका साथ, सबका विकास” का नारा अब “जिसकी लाठी उसकी भैंस” की मानसिकता में बदल चुका है। लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि होता है, न कि कोई मंत्री या पदाधिकारी। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने अथवा मतदाताओं पर दबाव बनाने की किसी भी कोशिश को लोकतंत्र के लिए घातक माना जाना चाहिए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि चुनावी आचार संहिता एवं निर्वाचन नियमों का उल्लंघन हुआ है तो दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया की रक्षा के लिए सदैव आवाज उठाती रहेगी और सत्ता के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



