Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 17, 2026

उत्तराखंड में चुनाव को लेकर भाजपा का दिल्ली में मंथन, सीएम पुष्कर सिंह धामी भी हुए बैठक में शामिल, दिया फीडबैक

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों में दोबारा से फतह हासिल करने के लिए बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। ऐसे में सीएम कल शनिवार की देर शाम दिल्ली रवाना हुए और आला नेताओं के साथ बैठक में भाग लिया।

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों में दोबारा से फतह हासिल करने के लिए बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। ऐसे में सीएम कल शनिवार की देर शाम दिल्ली रवाना हुए और आला नेताओं के साथ बैठक में भाग लिया। बीजेपी के बड़े नेताओं के उत्तराखंड में दौरे हो रहे हैं। इसी माह में पांच नवंबर को पीएम मोदी केदारनाथ आए। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उत्तराखंड दौरा कर चुके हैं। अब एक बार फिर से पीएम नरेंद्र मोदी के देहरादून में चार दिसंबर को आने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री का दो माह के भीतर यह तीसरा दौरा होगा। प्रधानमंत्री सात अक्टूबर को ऋषिकेश एम्स में आए थे, तब उन्होंने देशभर में बने आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया था। इसके बाद प्रधानमंत्री पांच नवंबर को वह केदारनाथ आए थे। वहीं, भाजपा में भी बैठकों के जरिए चिंतन और मनन का दौर जारी है।
भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व भी निरंतर चुनाव अभियान की समीक्षा कर रहा है। इस क्रम में शनिवार देर रात दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में हुई बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी देर रात इस बैठक में शामिल हुए। माना जा रहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने चुनाव की रणनीति, तैयारी समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री से फीडबैक लिया। इसके अलावा चार दिसंबर को देहरादून में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली के संबंध में विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री धामी शनिवार शाम को दिल्ली पहुंचे। फिर उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इसके बाद हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने विधानसभा चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया। माना जा रहा कि देर रात तक चली बैठक में चुनावी रणनीति के अलावा देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड, प्रधानमंत्री की रैली, चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय मंत्रियों व राष्ट्रीय नेताओं के प्रस्तावित दौरे समेत कई विषयों पर चर्चा की गई।
उत्तराखंड में देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को लेकर राज्य में तीर्थ पुरोहित मुखर हैं। हालांकि, सरकार ने अब इस संबंध में उच्च स्तरीय कमेटी की अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित कर दी है। माना जा रहा कि इस बारे में भी मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय नेतृत्व को फीडबैक दिया। साथ ही प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी।