सरकारी नौकरी चाहने वालों को मौका, विभिन्न विभागों में 541 पदों के लिए ऐसे करें आवेदन

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं को मौका मिलने जा रहा है। सहायक लेखाकार के 469 पदों के साथ ही विभिन्न विभागों के रिक्त 541 पदों को भरने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह ग के अंतर्गत इन पदों को लेकर शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी की। इच्छुक अभ्यर्थी 26 मार्च तक आयोग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकार के 469 पद के अलावा सहायक समीक्षा अधिकारी का एक, लेखाकार के नौ, सहायक लेखाकार/कैशियर का एक, लेखा परीक्षा के 57 व कार्यालय सहायक तृतीय के चार पदों के लिए 10 फरवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएंगे।
किसी भी आवदेन पत्र को भरने से पहले अभ्यर्थियों को अपना ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) भरना अनिवार्य है। आवेदन पत्र भरने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर को भी अधिकृत किया गया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.ssssc.uk.gov.in पर रिक्त पदों के विवरण व अन्य नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा की तिथि कोरोना संक्रमण की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बाद में तय की जाएगी।
सचिवालय सुरक्षा रक्षक के 33 पदों पर मौका
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी के मुताबिक सचिवालय सुरक्षा रक्षकों के 33 पदों के लिए भी 10 फरवरी से आवेदन शुरू हो जाएंगे। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 27 मार्च निर्धारित की गई है। सचिवालय सुरक्षा रक्षक के पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अपनी लंबाई, सीने का माप व वजन के संबंध में संबंधित कॉलम में विवरण दर्ज करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों की नाप जोख आयोग की ओर से लिखित परीक्षा के बाद अभिलेख सत्यापन के समय की जाएगी। किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की ई मेल chayanayog@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






