ग्राफिक एरा में लोकविधान 2.0, युवा सोच और मजबूत नीतियों से आकार लेगा भारत का खाद्य भविष्य
देहरादून स्थित ग्राफिक एरा में नौ राज्यों के छात्र-छात्राओं ने अन्नदाता को देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ बताया। युवाओं ने किसानों को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप सक्षम बनाने और अन्नदाता की भूमिका को और मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। मौका था ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में लोकविधान 2.0 के समापन समारोह का। लोकविधान 2.0 का आयोजन ग्राफिक एरा की यूथ पार्लियामेंट सोसाइटी ने किया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कार्यक्रम क्रियान्वयन के सचिव दीपक कुमार ने कहा कि भारत का खाद्य भविष्य केवल खेतों में होने वाले उत्पादन से नहीं, बल्कि मजबूत नीतियों, नवाचार और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से आकार लेगा। दीपक कुमार ने सुझाव दिया कि यूथ पार्लियामेंट में सामने आए सभी प्रस्तावों और सुझावों को उत्तराखंड सरकार तक पहुंचाया जाए, ताकि युवाओं की सोच और विचारों को नीतियों में स्थान देकर समाज और प्रदेश के विकास में उनका प्रभावी योगदान सुनिश्चित किया जा सके। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
दो दिवसीय इस सम्मलेन में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और जम्मू से 1300 छात्र प्रतिनिधियों ने किसानों के अधिकार, कृषि में एआई के उपयोग, सिंचाई में आधुनिक तकनीक, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और वैश्विक व्यापार जैसे विषयों पर संसदीय बहस और नीति निर्माण के जरिए मंथन किया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
लोकविधान 2.0 में बेस्ट स्कूल कॉन्टिजेंट का खिताब एपीएस बीरपुर, देहरादून ने अपने नाम किया, जबकि बेस्ट कॉलेज कॉन्टिजेंट का पुरस्कार यूपीईएस को मिला। लोकसभा में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए गाजियाबाद के पीयूष को बेस्ट डेलीगेट चुना गया। वहीं ऑल इंडिया पार्टी मीट में रौनक उपमन्यु और कमिटी ऑन एग्रीकल्चर एंड फार्मर्स वेलफेयर में दिल्ली के भगवत मान को बेस्ट डेलीगेट के सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में प्रो वीसी डा. संतोष एस. सर्राफ, यूथ पार्लियामेंट सोसाइटी की चेयरपर्सन डा. प्रभा लामा, डा. बी. एस. बिष्ट, डा. भारती शर्मा, डा. गौरव डिमरी के साथ अन्य शिक्षक शिक्षिकाएँ और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



