उत्तराखंड में आफत की बारिश, 171 सड़कें बंद, सात जिलों में स्कूल बंद, मौसम का अलर्ट
हर बार की तरह इस बार भी हुआ। आज उत्तराखंड के सात जिलों में भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर एक से 12वीं तक के स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और कॉलेज बंद हैं। वहीं, सोमवार 10 जुलाई को देहरादून में बारिश थमी हुई है। देहरादून, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज एक दिन 10 जुलाई, नैनीताल जिले में 10 जुलाई से 13 जुलाई तक, उधमसिंह नगर में 10 व 11 जुलाई, अल्मोड़ा में तीन दिन 10 से 12 जुलाई तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। हरिद्वार में कांवड़ मेले के चलते सारे स्कूल, कॉलेज आदि 10 से 17 जुलाई तक बंद रहेंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
171 सड़कें बंद
प्रदेश में भारी बारिश पर्वतीय क्षेत्रों की सड़कों पर भारी पड़ रही है। रविवार तक भूस्खलन से 241 सड़कें बंद हुई हैं। इनमें से 160 सड़कें एक दिन पहले से बंद थीं। 81 सड़कें रविवार को बंद हुईं। रविवार देर शाम तक 70 सड़कों को खोला जा सका था। वहीं अभी भी उत्तराखंड में 171 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें कुमाऊ मंडल में 64 सड़कों पर यातायात बंद है। इससे हजारों ग्रामीणों का जिला मुख्यालयों से संपर्क कटा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मौसम का हाल
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। राजधानी दून का भी बुरा हाल है। वहीं, पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन से सड़कें बार बार बंद हो रही हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज 10 जुलाई से लेकर 14 जुलाई तक राज्यभर के जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का क्रम जारी रहेगा। आज उत्तरकाशी, देहरादून, हरिद्वार जिले में भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 और 12 जुलाई को चमोली, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर, हरिद्वार जिले में बारिश का ओरेंज अलर्ट है। 13 और 14 जुलाई को प्रदेशभर के लिए बारिश का येलो अलर्ट है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने, तेज बौछार के बारिश, नदी नालों में जल प्रवाह बढ़ने और भूस्खलन का भी खतरा रहेगा। ऐसे में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
सोमवार 10 जुलाई की सुबह करीब साढ़े दस बजे देहरादून का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना है। 11 से 15 जुलाई तक देहरादून का अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री के बीच रहेगा। 16 व 17 जुलाई को अधिकतम तापमान गिरकर 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है। 17 जुलाई तक देहरादून में हर दिन कहीं कहीं बारिश की संभावना है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



