उत्तराखंड में तीन दिन सताएगी गर्मी, 42 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, दस जून से बारिश के रूप में मिल सकती है राहत
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम साफ है और भीषण गर्मी पड़ रही है। राजधानी देहरादून में भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह रहा है।
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम साफ है और भीषण गर्मी पड़ रही है। राजधानी देहरादून में भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह रहा है। फिलहाल गर्मी से अभी राहत की उम्मीद कम ही है और नौ जून तक प्रदेश भर में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इस बीच मौसम विभाग ने पांच और छह जून को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना भी जताई थी, लेकिन ना तो बादल ही घिरे और ना ही बारिश हुई। अब एक बार फिर दस जून से प्रदेश भर में बारिश की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आज से लेकर नौ जून तक प्रदेश भर में गर्मी का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दो तीन दिन में प्रदेश के मैदानी क्षेत्र में 40 से 42 डिग्री और पर्वतीय इलाकों में 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान रहने की उम्मीद है। दस जून से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ तो तापमान में भी धीरे धीरे गिरावट आएगी।उत्तराखंड में मौसम का हाल
उत्तराखंड में आज मंगलवार सात जून को भी सभी जिलों में आसमान साफ है। इसी तरह का मौसम नौ जून तक रहने की संभावना है। इस दौरान दोपहर के समय सतही तेज और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। तापमान की बात की जाए तो राजधानी देहरादून में सुबह दस बजे तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसमें दिन तक इजाफा होगा और 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री तक रहने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग से इतर गूगल दस जून को तो बारिश की संभावना जता रहा है, लेकिन इसके बाद 12 जून तक मौसम साफ रहने की संभवना जताई जा रही है। 13 और 14 जून को फिर से बारिश की संभावना है। इस बीच तापमान में भी गिरावट की संभवना कम ही है।
उत्तराखंड में आगामी मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 10 जून से नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और देहरादून में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। शेष जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसी तरह का मौसम 11 जून को भी रह सकता है। इस दौरान तेज और झोंकेदार सतही हवाएं चलने की भी संभावना है।



