Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

June 12, 2026

देहरादून के चकराता और डोईवाला में लगाए गए स्वास्थ्य मेले, उपचार के लिए लोगों की उमड़ी भीड़

आयुष्मान भारत योजना की चौथी वर्षगांठ के मौके पर विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। देहरादून के चकराता में आयुर्वेदिक विभाग की ओर से स्वास्थ्य मेला लगाया गया।

आयुष्मान भारत योजना की चौथी वर्षगांठ के मौके पर विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। देहरादून के चकराता में आयुर्वेदिक विभाग की ओर से स्वास्थ्य मेला लगाया गया। इसका उद्घाटन पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक चकराता श्री प्रीतम सिंह ने किया। वहीं, डोईवाला विकासखंड में स्थानीय विधायक विधायक बृजभूषण गैरोला ने मेले का उद्घाटन किया।
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को चिल्ड्रेन पार्क, ब्लॉक चकराता में ब्लॉक स्वास्थ्य मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल, एसीएमओ डॉ दिनेश चौहान, सीचसी, चकराता के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रम तोमर, प्रभारी चिकित्साधिकारी (आयु) डॉ० डीसी पसबोला और प्रभारी चिकित्साधिकारी (आयु) डॉ पारूल अरोड़ा की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जिले का हर नागरिक स्वस्थ और खुशहाल हो। बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं गांव स्तर तक पहुंचे इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। सरकार की बहुत सी ऐसी स्वास्थ्य योजनाएं हैं। जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संतुलित आहार, आयुर्वेद चिकित्सा, योग अभ्यास, साफ- सफाई और टीकाकरण यह कुछ ऐसे स्वास्थ्य जुड़े मुद्दे हैं। जिनका ध्यान रखने से हम बीमारियों से बच सकते हैं, और एक स्वस्थ भारत और स्वस्थ समाज की नींव रख सकते हैं।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ० विक्रम तोमर ने बताया सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने और उससे लाभान्वित करने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन एवं मातृ शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की रोकथाम आदि प्रमुख हैं।

इसके अलावा आयोजन में दंत चिकित्सा जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया और आंखों की जांच सुविधा उपलब्ध है। एसीएमओ डॉ दिनेश चौहान ने धूम्रपान और तंबाकू के सेवन से बुरे प्रभाव के प्रति जागरूकता, कैंसर नियंत्रण जागरूकता समेत अन्य इलाज संबंधी बेहतर सेवाएं देने के लिए स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के प्रति आभार प्रकट किया।
आयुर्वेद एवं योग विशेषज्ञ डॉ. डीसी पसबोला ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुर्वेद और आयुष की अन्य चिकित्सा पद्धति के समन्वय से आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय आयुष मिशन आदि योजनाओं के माध्यम से जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। आयुर्वेद विशेषज्ञ (महिला) डॉ पारूल अरोड़ा ने स्त्री एवं प्रसूति रोगों में आयुर्वेद एवं योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा क्षेत्रवासियों को आयुर्वेद एवं योग को अपनाने के प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद विभाग के चिकित्सा शिविर में उमड़े रोगियों को उचित परामर्श देकर एवं चिकित्सा उपचार किया गया। आयुर्वेद चिकित्सा शिविर को सफल बनाने में विनोद मंगवाल (आयु फार्मा), पवन मटूड़ा (आयु फार्मा), शीशपाल चौहान (आयु विभाग), सुभाष शर्मा (आयु विभाग) आदि विभागीय कर्मचारियों ने भी अपना योगदान दिया। मेले में खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सभी आशा, बीएचडब्ल्यू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों एवं क्षेत्रीय जनता की उपस्थिति रही।

डोईवाला में भी लगाया गया शिविर
आयुष्मान भारत योजना की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर राज्य के सभी विकासखंडों में स्वाथ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज डोईवाला विकासखंड में अवस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में आयोजित स्वास्थ्य मेले का विधायक बृजभूषण गैरोला ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने स्वास्थ्य मेले में लगाये गये स्टाल का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में बृजभूषण गैरोला ने कोविड काल जैसी महामारी में फ्रन्टलाइन वारियर्स के रूप में कार्य करते हुए जनमानस की सेवा करने के लिए सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों, आशा, आंगनवाड़ी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोईवाला में सभी आवश्यक सुविधाएं एवं उपकरण के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात रहें, जिससे जनमानस को उपचार के लिए अपने ही क्षेत्र में सुविधा मिल सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी चिकित्सालयों में पर्याप्त सुविधा, उपकरण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता कराने हेतु प्रयासरत व प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख भगवान सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सुमित्रा मनवाल, उप जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा निधि रावत, डा विनय कुडियाल, डा धीरेन्द्र उनियाल, डा शैलेन्द्र मंमगाई, डा अमृता रतूड़ी, हरीश कोठारी सहित संबंधित कार्मिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *