बारातियों ने पहनी पीपीई किट, पंडित ने भी किट पहनकर संपन्न कराई शादी, फिर भी बगैर दुल्हन के लौटा दूल्हा
कोरोनाकाल ने परंपराओं में भी परिवर्तन करके रख दिए हैं। जो कभी सोचा नहीं था, वैसा ही हो रहा है। कहीं दुल्हन लड़के पक्ष के घर पर पहुंच रही है और वहीं शादी की रस्म संपन्न कराई जा रही है।

कोरोनाकाल ने परंपराओं में भी परिवर्तन करके रख दिए हैं। जो कभी सोचा नहीं था, वैसा ही हो रहा है। कहीं दुल्हन लड़के पक्ष के घर पर पहुंच रही है और वहीं शादी की रस्म संपन्न कराई जा रही है। कहीं, दूसरे तरीके अपनाए जा रहे हैं। जीवन के काम भी चलते रहें और कोरोना संक्रमण से भी बचाव हो। बस इसी को ध्यान में रखकर आयोजन हो रहे हैं। ऐसी एक घटना उत्तराखंड के नैनीताल जिले में देखने को मिली। जहां पीपीई किट पहनकर बाराती वधु पक्ष के घर पहुंचे। पंडित से लेकर सभी पीपीई किट में थे। शादी संपन्न कराई गई। बारात बगैर दुल्हन के ही वापस लौट गई। विदाई की रस्म कुछ दिन बाद होगी। कारण ये रहा कि ऐन वक्त पहले दुल्हन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी।
घटना नैनीताल जिले के कोटाबाग ब्लॉक की है। शादी से ठीक पहले दुल्हन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गई। पहले शादी कर डेट टालने पर विचार किया फिर तय किया कि शादी होगी, लेकिन कोविड गाइड लाइन को शत प्रतिपश ध्यान में रखकर। दूल्हे समेत पूरी बरात पीपीई किट पहन कर शादी कराने पहुंची। विधि-विधान से सारी रस्में पूरी की गईं। कोविड पॉजिटिव दुल्हन को आइसोलेट किए जाने के कारण विदा कर ले न जा सके। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही दुल्हन की विदाई होगी।
कोटाबाग में ग्रामसभा नाथुनगर में एक व्यक्ति ने मंगलवार को होने वाली अपनी भतीजी की शादी के लिए पूरी तैयारियां कर रखी थीं। रिश्तेदारों और आसपास के परिचितों को निमंत्रण बांटे जा चुके थे। मगर शादी से पहले एहतियातन दुल्हन समेत पूरे परिवार की कोरोना जांच करवाई गई। सोमवार शाम आई रिपोर्ट में दुल्हन और उसकी छोटी बहन कोरोना पॉजिटिव आई। इसकी सूचना दूल्हा पक्ष को दी गई। इसके बाद वहां से आए कुल पांच बारातियों को पीपीई किट पहनाई गई। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम की मौजूदगी में शादी की सभी रस्में पूरी कराई गईं।




