मौसम विभाग का पूर्वानुमानः राज्यभर में बताया मौसम शुष्क, गंगोत्री धाम और हर्षिल हुई बर्फबारी, आज भी कम रहेगा न्यूनतम तापमान
उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में कोहरा छा रहा है। फिलहाल एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी गलत साबित हो रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार के दिन प्रदेशभर में मौसम शुष्क बताया, लेकिन इसके उलट हुआ। मंगलवार शाम उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री धाम और हर्षिल में बर्फबारी हुई, जबकि यमुनोत्री व जानकी चट्टी समेत जिले के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहे। वहीं टकनौर क्षेत्रके ग्राम रैथल में भी हल्की बर्फ गिरी। रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, टिहरी जिले के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में हल्की धूप खिली रही, लेकिन बर्फीली हवा चलने से बेअसर रही। अब आज चार जनवरी को मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)आज के मौसम का हाल
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी है। मंगलवार को पहाड़ों में ऊंची चोटियों पर कुछ जगह बर्फबारी होने और मैदानों में कोहरे के साथ बर्फीली हवा चलने से अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री नीचे लुढ़क गया। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में कोहले के चलते शीत दिवस की स्थिति रहेगी। इन जिलों में सर्दी का ओरेंज अलर्ज है। वहीं, देहरादून और अन्य इलाकों में मौसम साफ है। सुबह से धूप खिलने से दिन के समय गर्मी से राहत है। सुबह, शाम और रात को ही देहरादून में जोरदार सर्दी पड़ रही है। वहीं, मुनस्यारी में माइनस चार डिग्री, चकराता में न्यूनतम तापमान – 3 डिग्री है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पांच से सात जनवरी तक राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद आठ जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दिन राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। पांच और छह जनवरी को भी राज्य के उधमसिंह नगर, हरिद्वार जिले में घना कोहरा रहेगा। साथ ही इन जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। ऐसे में दो दिन इन जिलों में सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
धीरे धीरे बढ़ेगा देहरादून का तापमान
बुधवार चार जनवरी की सुबह करीब साढ़े दस बजे देहरादून में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम छह डिग्री रहने की संभावना है। ऐसे में शाम से लेकर अगली सुबह तक जोरदार सर्दी रहेगी। कल तापमान बढ़कर अधिकतम 18 डिग्री और न्यूनतम सात डिग्री हो जाएगा। इसके बाद छह जनवरी को न्यूनतम तापमान बढ़कर आठ डिग्री हो जाएगा। सात जनवरी से लेकर 11 जनवरी तक अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के करीब रह सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में यदि कोई विशेष परिवर्तन नहीं होता है तो अपेक्षाकृत सर्दी का प्रकोप कम हो जाएगा। वहीं, केदारनाथ धाम में सुबह साढ़े दस बजे के समय तापमान-6 डिग्री के करीब था। इसके अधिकतम -2 डिग्री और न्यूनतम -11 डिग्री रहने की संभावना है। देहरादून में छह से 11 जनवरी तक बादल छाए रहने की संभावना है।



