देहरादून में कोहरा, जोरदार सर्दी, नए साल में पहाड़ों पर होगी बारिश और बर्फबारी, पांच दिन अलर्ट, जानिए उत्तराखंड में मौसम पूर्वानुमान
उत्तराखंड में अचानक मौसम में बदलाव आ गया है। राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज बुधवार 31 दिसंबर 2025 की सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। साथ ही तापमान में भी भारी गिरावट है। ऐसे में ठिठुरन वाली सर्दी से लोगों का हाल बेहाल है। दिक्कत ये है कि सितंबर माह के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। बारिश ना होने की वजह से सूखी सर्दी से खांसी, बुखार, जुकाम, वायरल आदि बीमारी की चपेट में लोग आ रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान आज 31 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी जिले में कुछ स्थान पर हल्की बारिश और बर्फबारी संभावित है। एक जनवरी को उक्त जिलों के साथ ही नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत जिले में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है। आज 3200 मीटर और कल 3000 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। दो जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। शेष जिले शुष्क रहेंगे। तीन से छह जनवरी 2026 तक राज्यभर में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
गिरेगा तापमान, पांच दिन का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद दो से तीन दिन में तीन से पांच डिग्री तक तापमान गिर सकता है। साथ ही राज्य के हरिद्वार, उधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी जिले के मैदानी क्षेत्र में 31 दिसंबर से लेकर चार जनवरी तक कहीं कहीं घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज 31 दिसंबर के लिए हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में शीत दिवस की स्थिति की भी संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
आज बुधवार 31 दिसंबर की दोपहर करीब 12 बजे देहरादून का तापमान अधिकतम सीमा करीब 14 डिग्री के करीब था। इसके न्यूनतम सात डिग्री रहने की संभावना है। एक जनवरी से लेकर सात जनवरी तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 14, 16, 15, 14, 15, 16, 17 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सात, छह, छह, छह, पांच, पांच, पांच, पांच, डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में देहरादून में अच्छी खासी सर्दी पड़ेगी।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



