टिहरी जिले के दो कोषागारों में करोड़ों का गबन, कोषाधिकारी सहित 12 कार्मिक गिरफ्तार
उत्तराखंड के टिहरी जिले के मुख्य कोषागार सहित नरेंद्रनगर कोषागार में चार करोड़ 69 लाख 69 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने नरेंद्रनगर के कोषाधिकारी सहित कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उत्तराखंड के टिहरी जिले के मुख्य कोषागार सहित नरेंद्रनगर कोषागार में चार करोड़ 69 लाख 69 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने नरेंद्रनगर के कोषाधिकारी सहित कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें टिहरी के मुख्य कोषागार में हुए घोटाले के आरोपियों में दो लेखाकारों सहित सात आरोपितों को जयपुर से गिरफ्तार किया गया। वहीं, नरेंद्रनगर के मामले में सभी को नरेंद्रनगर से गिरफ्तार किया।शुक्रवार को एसएसपी टिहरी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि टिहरी मुख्य कोषागार के सहायक कोषाधिकारी अरविंद चौहान ने बीते 30 दिसंबर को कोषागार के लेखाकार जयप्रकाश शाह और यशपाल नेगी, पीआरडी जवान सुरेंद्र सिंह पंवार और एक अन्य व्यक्ति मनोज कुमार के खिलाफ दो करोड़ 21 लाख 23 हजार एक सौ 50 रुपये के सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज कराया था।
ये हैं आरोप
जयप्रकाश और यशपाल नेगी ने मृतक पेंशनरों के खातों में छेड़छाड़ कर उनकी पेंशन अपने परिचितों के खातों में डालकर करोड़ों का गबन किया था। इन्होंने पेंशन के रुपयों को अलग-अलग खातों में डाला था। जिसके बाद पुलिस ने बैंकों से इनकी जानकारी जुटाकर खाताधारकों की पहचान की। जयप्रकाश और यशपाल 25 दिसंबर से फरार चल रहे थे। दोनों की कार ऋषिकेश से बरामद हुई थी। जिनमें कई सरकारी फाइलें भी मिली थीं। उसके बाद से पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। दोनों फरार आरोपी अपने परिचितों के साथ मोबाइल फोन पर बात कर संपर्क में थे। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार सुबह जयप्रकाश और यशपाल को जयपुर से, जबकि अन्य पांच को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। अन्य पांच आरोपितों में मनोज कुमार, सुरेन्द्र सिंह पंवार, सोमप्रकाश, सागर, दीपक सैनी को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। इन्हीं के खातों में यह दोनों कर्मचारी गबन के रुपयों को डालते थे। सभी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
दूसरे मामले में वरिष्ठ कोषाधिकारी नमिता सिंह ने बीती शाम नरेंद्रनगर थाना में कोषाधिकारी जगदीश चंद्र सहित 12 आरोपितों के खिलाफ दो करोड़ 48 लाख 46 हजार आठ सौ 29 रुपये के सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने कोषाधिकारी जगदीश चंद्र, लेखाकार विनय कुमार, पीआरडी जवान सोबन सिंह के अलावा कल्पेश भट्ट और रणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। नरेंद्रनगर वाले मामले में आरोपित सात अन्य की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार वर्मन की अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






