हाथी ने एक घंटे मचाया उत्पात, एक व्यक्ति को पटकर मार डाला, उत्तराखंड में हाथी के हमले में दो दिन में दो मौत

उत्तराखंड में अब हाथी हमलावर हो रहे हैं। एक दिन पहले राजाजी टाइगर रिजर्व में वन कर्मी को हाथी ने मार डाला था। अब दूसरी घटना ऋषिकेश के निकट हुई। यहां लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर फूलचट्टी के समीप बीती रात हाथी ने एक व्यक्ति को पटक कर मार डाला। इस दौरान उसने तीन कच्ची दुकानों को भी तहस-नहस कर दिया। एक वाहन पर भी हाथी ने हमला किया, जिसमें सोए चालक ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब एक बजे एक हाथी लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मार्ग पर स्थित फूलचट्टी मुख्य मार्ग पर आ धमका। हाथी ने यहां खड़े एक टेंपो ट्रैवलर पर हमला बोला और टेंपो ट्रैवलर को पलटने की कोशिश की। टेंपो ट्रैवलर में उसका चालक सोया हुआ था। हाथी ने टेंपो ट्रैवलर का शीशा तोड़कर चालक को बाहर खींचने का प्रयास किया। मगर, चालक ने किसी तरह वाहन के भीतर ही छुपकर जान बचाई।
गुस्साए हाथी ने समीप ही सड़क किनारे बनी नरेंद्र भंडारी, सोहन सिंह भंडारी और श्रीपाल नेगी की अस्थाई दुकानों को तहस-नहस कर दिया। इस बीच यहां मौजूद एक व्यक्ति भी हाथी के सामने आ गया, जिसे हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला। करीब एक घंटे तक हाथी का उत्पात बना रहा।
मृतक की शिनाख्त कपिल (46 वर्ष) निवासी बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह एक क्रेन ऑपरेटर के साथ सहायक का काम करता था। रात को वह फूलचट्टी क्षेत्र में क्रेन खराब होने के कारण पैदल ऋषिकेश आ रहा था। व्यक्ति का शव पुलिस ने कब्जे में लेकर एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में भेज दिया है।
पढ़ेंः राजाजी पार्क में गश्त कर रहे कर्मियों पर हाथी का हमला, एक की मौत, तीन ने भाग कर बचाई जान

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






