ईद-उल-अजहा आज, ईदगाह में नहीं हुई सामूहिक नमाज, गले मिलने से भी परहेज
कोरोनाकाल में इस बार भी पिछले काल की तरह ईद-उल-अजहा आज मनाया जा रहा है। इस बार भी कोविड गाइडलाइन के मुताबिक ईदगाह में सामूहिक नमाज नहीं की गई। लोगों से घरों पर ही त्योहार मनाने को कहा गया है। ईदगाह में नमाज का समय सुबह आठ बजे था। मस्जिदों में सुबह करीब साढ़े सात बजे से दस बजे तक नमाज का वक्त है। इसमें सीमित लोगों को ही नमाज अदा करने की अनुमति दी गई है। साथ ही शारीरिक दूरी के निर्देश हैं।
कुर्बानी के त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार 12वें महीने जिल हिज्जा में चांद दिखने के 10वें दिन मनाई जाती है। इस बार कोरोनाकाल को देखते हुए उलेमा ने सभी से कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए बकरीद मनाने की अपील की है। शहर काजी मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी ने कहा कि कुर्बानी के इस दिन गरीबों को दान दें और जरूरतमंदों की मदद करें। मस्जिदों में शारीरिक दूरी का विशेष ख्याल रखें। जो लोग बीमार हैं, वह घर में ही नमाज अदा करें। साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें।
इस बीच बकरीद को लेकर शहर में खरीदारी की चहल पहल पिछले कई दिनों से रही। कपड़े से लेकर खाने-पीने की वस्तु की दुकानों में लोगों का खासा उत्साह रहा। वहीं, ईद किस तरह और कैसे मनाएं, इसको लेकर उलेमा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी लगातार अपील कर रहे हैं। इस बार भी ईद की मुबारकबाद के दौरान गले मिलने से परहेज किया जा रहा है।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



