उत्तरांचल वैश्य अग्रवाल सभा के दीपावली मिलन समारोह, बच्चों ने बिखेरी मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा
देहरादून में उत्तरांचल वैश्य अग्रवाल सभा के दीपावली मिलन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर बच्चों ने शानदार गीत और नृत्यों की प्रस्तुति दी। वहीं, वक्ताओं ने समाज सेवा के कार्यों में बढ़चढ़कर सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत अनिता गर्ग, सीमा अग्रवाल तथा नीलू गुप्ता ने स्वागत गीत प्रस्तुत करके की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गौरी अग्रवाल, अनन्या, वैष्णवी, युक्ति, निशाना बंसल, लावण्या मित्तल, मिहिका, श्रेयश्री, श्रेष्ठा,परिधी, अनन्या, यशी, लिया अग्रवाल और आदि जैन ने लोकगीत पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर रोचक माहौल बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं लक्सर के विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि अग्र समाज सामाजिक कार्यों में सदैव आगे रहा है। अग्र समाज की भूमिका समाज में राष्ट्रवादी चिंतन की रही है। अग्र समाज का चिंतन और सोच राष्ट्र के प्रति निष्ठा समर्पण और मानव मात्र की सेवा करने से है। उन्होंने कहा आज अग्रसमाज के प्रेरक जो कि भगवान श्री राम के वंशज हैं। ऐसे ही महाराज की ओर से समाज को उत्थान के लिए प्रत्येक परिवार से एक ईट और एक रुपया सहयोग प्रदान कर सभी को सक्षम बनाने का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि वहां बड़ा कष्ट होता है जहां अपने ही बंधुओं की बिना किसी कारण या स्वार्थवश मदद करने के बजाय टांग खींचने का काम करते हैं। आज हमें राजनीति हो, सामाजिक धार्मिक क्षेत्र हो, सभी में परस्पर समन्वय स्थापित कर अपने समाज को संगठित करने का कार्य अवश्य करना चाहिए। इस अवसर पर विशेष अतिथि एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंघल ने कहा सामाजिक कार्य में समाज के लोग सदैव आगे हैं। बहुत अच्छा लगा कि जब हमारी उत्तरांचल वैश्य अग्रवाल सभा की ओर से अगरसैन जयंती और दीपावली मिलन समारोह जैसे पारिवारिक आयोजन किये जाते हैं।
समारोह में संरक्षक एमसी गुप्ता, संस्था अध्यक्ष नरेश मित्तल, महासचिव पीडी गुप्ता, संगठन सचिव योगेश अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।अतिथियों ने सभी बाल कलाकारों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को उत्तरांचल वैश्य अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन योगेश अग्रवाल ने किया।



