देहरादून का तापमान तो गिरने के बावजूद उमस भरी गर्मी, उत्तराखंड के इन जिलों में दो दिन ओरेंज अलर्ट, जानिए मौसम पूर्वानुमान
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी बारिश का क्रम जारी है। मैदानी इलाकों में बारिश के दौरान जल भराव की समस्या से लोगों को परेशानी हो रही है। गली, मोहल्लों और चौराहों पर तो स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन से सड़कें अवरूद्ध हो रही हैं। फिलहाल राज्य की 15 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें तीन सड़क एनएच, एसएच और बीआरओ की हैं। 12 सड़क पीएमजीएसवाई और पीडल्बूडी की हैं। फिलहाल राजधानी देहरादून सहित राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। देहरादून का तापमान पिछले कुछ दिन तक 31 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा था। अब इसमें गिरावट आई, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। नमी के चलते कूलर और पंखे राहत नहीं दे रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज रविवार 27 जुलाई से लेकर दो अगस्त तक राज्यभर के जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ संभावित है। इस दौरान नदी और नालों का जल प्रवाह भी बढ़ सकता है। पर्वतीय जिलों में भूस्खलन की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने के साथ ही सचेत रहने की सलाह दी गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कुछ जिलों में दो दिन ओरेंज अलर्ट, येलो अलर्ट भी
मौसम विभाग ने 27 जुलाई के लिए नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर जिले में, 28 जुलाई के लिए देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिले के लिए कहीं कहीं भारी बारिश से बहुत भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
रविवार 27 जुलाई की दोपहर करीब सवा 12 बजे तक देहरादून का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। 28 जुलाई से लेकर तीन अगस्त तक देहरादून का तापमान क्रमशः 27, 26, 28, 28, 29, 28, 27 डिग्री रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 31 जुलाई तक 24 डिग्री, एक और दो अगस्त को 23 डिग्री, तीन अगस्त को 22 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। तीन अगस्त तक देहरादून में हर दिन बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



