दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने उत्तराखंड में व्यापारियों से सरकार बनाने में मांगा सहयोग, कहा- हमने पूछकर लिए निर्णय
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया आज दून पहुंच गए। देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर आप के वरिष्ठ नेता कर्नल (से.नि.) अजय कोठियाल और सह प्रभारी राजीव चौधरी के साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया आज दून पहुंच गए। देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर आप के वरिष्ठ नेता कर्नल (से.नि.) अजय कोठियाल और सह प्रभारी राजीव चौधरी के साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे होटल पैसेफिक में देवभूमि बिजनेस डायलॉग के तहत व्यापारियों के साथ बैठक में शामिल हुए।व्यापारियों के साथ बैठक में मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में रेड राज को पूरी तरह बंद किया गया है। इससे व्यापारियों को फायदा मिला। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने में सहयोग करें। उन्होंनवे कहा कि यदि व्यापारियों की तरक्की होगी तो यहां के लोगों की तरक्की होगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में व्यापारियों को किसी भी ऑफिस में जाने की जरूरत नहीं है। आप ने ही ऐसी व्यवस्था की है कि सरकारी कर्मचारी खुद घर आकर आपके व्यापार से जुड़े डॉक्यूमेंट्स आपको प्रोवाइड करते हैं। सवा सौ डिपार्टमेंट ऐसे हैं, जहां सरकारी कर्मचारी खुद घर जाकर जरूरी दस्तावेज मुहैया करवाते हैं। दिल्ली में व्यापारी अब पहले से खुश और खुशहाल हैं। उन्होंने कहा कि हमने जो भी निर्णय किया वो व्यापारियों से पूछ कर किए हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में व्यापारियों के लिए 454 अलग अलग तरह के एफिडेविट बंद किए। इससे पहले कई तरह के एफिडेविट थे। दिल्ली की ग्रोथ 12 फीसदी है, जबकि उत्तराखंड की 5 फीसदी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पर केपिटा इनकम 354000 हो गई। दिल्ली के लोग विकास कर रहे हैं। टैक्स बढ़ रहा है। व्यापार बढ़ेगा तो नौकरी बढ़ेगी, लोगों की तरक्की बढ़ेगी। देश तरक्की करेगा। मीटिंग के बाद वह शाम को उत्तरकाशी चले गए। मनीष सिसोदिया का रात्रि प्रवास उत्तरकाशी में है।
अगले दिन कल यानी 17 नवंबर को वो उत्तरकाशी में सुबह 10 बजे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में जाएंगे। जहां वो पर्वतारोहण से जुड़ी जानकारी से रूबरू होंगे। इसके बाद नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से वो सीधे शौर्य स्थल उत्तरकाशी पहुंचेंगे। जहां वो शहीदों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद उत्तरकाशी में उनका कार्यक्रम एक विशाल रैली में शामिल होने का है जहां ज्ञानसु टनल से विश्वनाथ मंदिर तक रोड शो में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मनीष सिसोदिया काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेंगे।विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के बाद मनीष सिसोदिया उत्तरकाशी में रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तरकाशी जनसभा के बाद मनीष उत्तरकाशी से वापिस सडक मार्ग से होते हुए नरेंद्रनगर पहुंचेंगे। जहां खादी विलेज नरेंद्रनगर में थोड़ी देर रुकने के बाद वो जौलीग्रांट पुहंचेंगे और वहां से वापिस दिल्ली रवाना होंगे।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






