नदी में नहाने गए 15 साल और 12 साल के दो सगे भाइयों की मौत, घर में मचा कोहराम
उत्तराखंड में बारिश के दिनों में नदी में डूबने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि इन दिनों नदी में नहाने से परहेज करें। साथ ही बेहतर होगा कि नदी किनारे ना जाएं। हल्द्वानी में गोला नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मजदूरी कर मां-बाप बच्चों को पढ़ा रहे थे।
मूल रूप से मुरादाबाद के कालाझंडा निवासी राम प्रसाद 15 सालों से नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बरेली रोड स्थित उत्तर गौजाजली वार्ड 60 में किराये पर रह रहे हैं। परिवार में पत्नी कमलेश व तीन बच्चों रोमिंस (15), रोहन (12) और बेटी पूजा (10) में से दोनों बेटों को उन्होंने बरसात में नदी में नहाने की लापरवाही से खो दिया।
गुरुवार दोपहर खाना खाने के बाद रोमिंस और रोहन गली में खेलने की बात कहकर निकल गए। चार बजे तक वह नहीं लौटे तो मां को चिंता हो गई। इसके बाद किसी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इस बीच पता चला कि दोनों भाई अपने कुछ दोस्तों के साथ आंवला चौकी खनन गेट के पास गौला नदी में नहाने गए थे। इस दौरान लापता हो गए। जिसके बाद बनभूलपुरा थाने और मंडी चौकी की पुलिस भी नदी में पहुंच गई।
सूचना पर सीओ शांतनु पराशर व तहसीलदार नितेश डागर भी पहुंच गई। दोस्तों की बताई लोकेशन के हिसाब से पानी में सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। सड़क पर बेसुध मां को किसी तरह महिला पुलिसकर्मी ने संभाला। बच्चों के परिजन उनसे बात करने की असफल कोशिश करते देखे गए। इस भावुक मंजर को वहां मौजूद देख हर सिहर उठा। उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते नदी और नाले उफान पर हैं। दो दिन पूर्व ही सहस्त्रधारा में दिल्ली के पर्यटक की नदी में बहने से मौत हो गई। वहीं, कोटद्वार में सुखरो नदी में किशोर की डूबने से मौत हो गई थी।




