विमान में बिगड़ी क्रिकेटर मयंक अग्रवाल की तबीयत, अस्पताल में भर्ती, पानी में जहर मिलाने की पुलिस से शिकायत
भारतीय क्रिकेटर मयंक अग्रवाल की विमान में सफर करने के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई। अगरतला से सूरत की यात्रा के दौरान फ्लाइट में उन्हें मुंह और गले में जलन होने लगी। घटना मंगलवार की है। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अगरतला के एक अस्पताल ले जाया गया। उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। 32 वर्षीय खिलाड़ी अब खतरे से बाहर है। अग्रवाल इस समय में चल रही 2023-24 रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक की कप्तानी कर रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
बोतलबंद पानी पीते ही बीमार हुए
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अग्रवाल को मुंह और गले में जलन की शिकायत हुई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अग्रवाल को बोतल से पानी पीने के तुरंत बाद जलन हुई, जिसमें मिलावटी पदार्थ होने का संदेह है। कर्नाटक के कप्तान के साथ ही टीम मैनेजर रमेश भी विमान से उतर गए थे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मीडिया रिपोर्ट्स में किया जा रहा ये दावा
मयंक अग्रवाल की तबीयत बिगड़ने को लेकर हैरान करने वाली खबर सामने आई है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेटर मयंक अग्रवाल के खिलाफ गहरी साजिश की गई है। इससे उनकी जान को भी खतरा हो सकता था. हालांकि, मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मैनेजर ने पुलिस में दर्ज की शिकायत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मयंक ने पानी समझकर एक पाउच से एक पेय पदार्थ पिया था, जो इंडिगो एयरलाइन के विमान में उनकी सीट पर रखा था। इसे पीने के बाद वे बीमार पड़ गए। उनके गले में जलन होने लगी और फिल उल्टी भी हुई। हालांकि, बताया जा रहा है कि उनकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। मयंक ने अपने मैनेजर के जरिए पुलिस में एक औपचारिक शिकायत दर्ज करायी है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पुलिस ने की शिकायत की पुष्टि
पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक किरन कुमार ने न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया, मयंक अग्रवाल एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं। अब उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उनके प्रबंधक (मैनेजर) ने मामले की जांच के लिए एनसीसीपीएस (न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस थाने) में एक शिकायत दर्ज करायी है। उनके प्रबंधक ने कहा है कि जब वह विमान में बैठ रहे थे तो उनके सामने एक पाउच रखा था। उन्होंने उसमें से थोड़ा-सा पेय पदार्थ पिया, लेकिन अचानक उनके मुंह में जलन होने लगी। वह कुछ बोल भी नहीं पाए और उन्हें आईएलएस अस्पताल लाया गया। उनके मुंह में सूजन और छाले थे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मामले की होगी जांच
राज्य स्वास्थ्य सचिव किरन गिट्टे ने कहा कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज कर ली है और हम मामले की जांच करेंगे। उनके प्रबंधक के अनुसार वह अब बेंगलुरु जाएंगे और इस बीच अगरतला में जो भी अच्छा इलाज होगा, हम उन्हें उपलब्ध कराएंगे। आईएलएस अस्पताल की ओर से प्रबंधक मनोज कुमार देबनाथ ने एक प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि क्रिकेटर को मुंह में थोड़ी जलन हुई और उनके होंठ सूज गए। आपातकालीन विभाग में अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा जांच किए जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। अब उनकी हालत स्थिर है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



