भारत में फिर चिंता बढ़ाने लगे हैं कोरोनावायरस के आंकड़े, उत्तराखंड में फिलहाल राहत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की और से शुक्रवार की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस के 43,393 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 911 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई।
भारत में कोरोनावायरस से संक्रमित होने और मौत के आंकड़े फिर से चिंता बढ़ाने लगे हैं। लोगों की लापरवाही की तस्वीरें बाजारों, पर्यटक स्थलों से आ रही हैं। ऐसे में पीएम मोदी भी चिंता जता चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की और से शुक्रवार नौ जुलाई की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस के 43,393 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 911 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई। एक दिन पहले गुरुवार को 45892 नए कोविड-19 केस दर्ज हुए थे और 817 संक्रमितों की जान चली गई थी। बुधवार सात जुलाई को देश में पिछले 24 घंटे में 43733 नए मामले सामने आए थे। इस दौरान, 930 लोगों की मौत हुई थी। यानी कि लगातार तीन दिन से नए संक्रमितों का आंकड़ा 40 हजार से ऊपर चल रहा है।देश में फिलहाल कुल ऐक्टिव मामलों की संख्या 458,727 है। 29888284 मरीज अब तक रिकवर हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में कुल 44459 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि, अभी भी देश में 1.49 फीसदी केस ऐक्टिव हैं। देश में रिकवरी रेट बढ़कर 97.19 फीसद हो गया है। टीकाकरण की बात की जाए तो 24 घंटे में 40 लाख 23 हजार 173 लोगों को वैक्सीन दी गई है। इस अवधि में 1790708 सैंपल की जांच हुई है। अब तक 427016605 सैंपल की जांच हो चुकी है।
उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन कोरोना से नहीं हुई कोई मौत
उत्तराखंड में कोरोना का हमला कमजोर पड़ गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार आठ जुलाई की शाम को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 64 नए संक्रमित मिले। इस अवधि में दूसरे दिन भी कोई मौत नहीं हुई। जो राहत देने वाली बात है। एक दिन पहले बुधवार सात जुलाई को कोरोना के 77 नए संक्रमित मिले थे। गुरुवार को 120 मरीज कोरोना को मात देने में सफल रहे। कोरोना कर्फ्यू की अवधि अब 13 जुलाई की सुबह छह बजे तक है।
अब तक कुल 7338 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 341023 हो गई है। इनमें से 326267 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक प्रदेश में कुल 7338 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 है। रिकवरी 95.67 फीसद है।
ब्लैक फंगस से भी मिल रही राहत
वहीं ब्लैक के नए केस भी घटने लगे हैं। आठ जुलाई को ब्लैक फंगस के चार केस मिले। इस दौरान एक मरीज की मौत हुई। कोई मरीज डिस्चार्ज नहीं किया गया। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 514 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 103 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। वहीं, 117 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
देहरादून में सर्वाधिक संक्रमित
उत्तराखंड में सर्वाधिक नए संक्रमित देहरादून जिले में मिले। देहरादून में 17, नैनीताल में 4, हरिद्वार में 13, उधमसिंह नगर में 4, चमोली में 5, बागेश्वर में 0, रुद्रप्रयाग में 3, अल्मोड़ा में 4, पिथौरागढ़ में 4, पौड़ी में 4, टिहरी में 3, उत्तरकाशी में 1, चंपावत में 2 नए संक्रमित मिले।
पिछले सात दिन के आंकड़े
उत्तराखंड में बुधवार सात जुलाई को कोरोना के 77 नए संक्रमित मिले थे। मंगलवार छह जुलाई को कोरोना के 89 नए संक्रमित, सोमवार पांच जुलाई को कोरोना के 69 संक्रमित, रविवार चार जुलाई को 78 नए संक्रमित, शनिवार तीन जुलाई को कोरोना के 158 नए संक्रमित, शुक्रवार दो जुलाई को 109 नए संक्रमित, गुरुवार एक जुलाई को 124 नए संक्रमित मिले थे। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
टीकाकरण में उतार चढ़ाव
उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो गुरुवार आठ जुलाई को 483 केंद्र में 35955 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। बुधवार सात जुलाई को 457 केंद्र में 46159 लोगों को, मंगलवार छह जुलाई को 767 केंद्र में 84590 लोगों को, पांच जुलाई को 845 केंद्र में 89627 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। रविवार चार जुलाई को 352 केंद्र में 57897 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। शनिवार तीन जुलाई को 470 केंद्र में 43126 लोगों को, शुक्रवार दो जुलाई को 414 केंद्रों में 30500 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।




