Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 15, 2026

भारत में बेकाबू हुआ कोरोना, फिर सबसे बड़ा उछाल, एक दिन में 168912 नए केस, उत्तराखंड में आठ मौत, 52 स्थानों पर लॉकडाउन

भारत में कोविड-19 केसों में फिर सबसे बड़ा उछाल आया। सोमवार 12 अप्रैल को एक दिन में 168912 नए कोरोना वायरस के मामले दर्ज किए गए।

भारत में कोविड-19 केसों में फिर सबसे बड़ा उछाल आया। सोमवार 12 अप्रैल को एक दिन में 168912 नए कोरोना वायरस के मामले दर्ज किए गए। अब देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले एक करोड़ 35 लाख पार हो गए हैं।
सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी किए गए पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में 1,68,912 नए कोरोनावायरस केस दर्ज किए गए हैं, जो एक दिन में रिकॉर्ड हुए केसों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके साथ ही देश में अब तक दर्ज हुए कुल कोविड केसों की तादाद 1,35,27,717 हो गई है। इसके अलावा, पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 904 मरीजों की इस घातक संक्रमण की वजह से मौत भी हुई है। भारत में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,70,179 हो गई है।
सातवीं बार एक लाख के पार
वैसे, पिछले आठ दिन में देश में नए केसों का आंकड़ा सातवीं बार एक लाख के पार गया है और यह लगातार छठा दिन है, जब कोरोनावायरस के एक लाख से ज़्यादा मामले दर्ज हुए हैं। अब से पहले, 11 अप्रैल को 1,52,879 नए केस, 10 अप्रैल को 1,45,384 नए मामले, 9 अप्रैल को 1,31,968 केस, 8 अप्रैल को 1,26,789 मामले और 7 अप्रैल को 1,15,736 कोविड केस दर्ज किए गए थे। 6 अप्रैल को देशभर में 96,982 नए केस दर्ज हुए थे। 5 अप्रैल को देश में कोरोनावायरस के रोज़ाना आंकड़े ने पहली बार एक लाख का आंकड़ा दर्ज किया था और कुल 1,03,558 मामले सामने आए थे।
उत्तराखंड में आठ लोगों की मौत
उत्तराखंड में रविवार 11 अप्रैल को फिर से कोरोना का विस्फोट हुआ। साल के सबसे ज्यादा एक दिन में नए केस दर्ज किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 1333 नए संक्रमित मिले। 243 लोग स्वस्थ हुए। आठ लोगों की प्रदेश में कोरोना से मौत हुई। 7323 कोरोना के एक्टिव केस हैं।
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 108812 हो गई है। इनमें से 97887 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 1760 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। देहरादून में रविवार को सर्वाधिक 592, हरिद्वार में 386 कोरोना संक्रमित मिले। नैनीताल जिले में 122 और उधमसिंह नगर में 104 लोग पॉजिटिव मिले।
52 स्थानों पर लॉकडाउन
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड के 52 स्थानों पर लॉकडाउन लगाया गया है। वहीं, देहरादून नगर निगम, कैंट, क्लेमंटाउन क्षेत्र में रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू भी लगाया जा रहा है। रात में वैसे भी अमूमन सड़कें खाली होती हैं। ऐसे में नाइट कर्फ्यू लगाना समझ से परे हैं। वहीं, दिन में बाजारों, सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों के साथ ही राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों में जुट रही भीड़ में नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं।
उत्तराखंड में बनाए गए 52 कंटेनमेंट जोन में देहरादून जिले में 27, हरिद्वार में छह, नैनीताल में 18, टिहरी जिले में एक कंटेनमेंट जोन है। इन क्षेत्र में किसी को भी घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। एक तरह से यहां पूर्ण लॉकडाउन है। आवश्यक वस्तु के लिए यहां के लोगों के परिवार के एक सदस्य को ही मोबाइल वेन तक जाने की अनुमति है।