उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों से राहत, कोरोनामुक्त जिला टिहरी हुआ संक्रमित
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों से कुछ राहत महसूस की गई। पिछले दिन के मुकाबले कम नए केस मिले। वहीं, कोरोनामुक्त जिला टिहरी फिर से कोरोना संक्रमित हो गया। अब उत्तरकाशी और बागेश्वर जिले ही कोरोना मुक्त हैं। साथ ही राहत की बात ये है कि लगातार तीसरे दिन किसी की कोरोना से मौत नहीं हुई। शुक्रवार 24 दिसंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 27 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले गुरुवार 23 दिसंबर को 39 नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो शुक्रवार को 1162 केंद्रों में 50538 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2021.12.24 Health Bulletin
अब तक कुल 7415 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 344724 हो गई है। इनमें से 330886 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 14 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 233 हैं। अब तक प्रदेश में कुल 7415 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 95.99 है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।



