Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

April 5, 2026

भारत में कोरोना का विस्फोट, 24 घंटे में सर्वाधिक केस, स्मारक बंद, परीक्षाएं टली, उत्तराखंड में भी टूटा रिकॉर्ड, नाइट कर्फ्यू

भारत में पिछले 24 घंटे में 217353 नए कोरोना वायरस मामले सामने आए। साथ ही 1185 लोगों की मौत हुई है।

भारत में कोरोना ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। एक बार फिर देश में कोरोना के सबसे ज्यादा केस दर्ज हुए। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार की सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 217353 नए कोरोना वायरस मामले सामने आए। साथ ही 1185 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले गुरुवार को देशभर में एक दिन के 200739 नए कोरोना वायरस केस दर्ज किए गए थे। साथ ही 1038 मरीजों की इस घातक संक्रमण की वजह से मौत भी हुई थी। उत्तराखंड में भी कोरोना के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। यहां भी अब तक के सर्वाधिक मामले सामने आए। ऐसे में पूरे उत्तराखंड में रात साढ़े दस बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं, अभी भी सरकार हरिद्वार में कुंभ को लेकर कोई निर्णय नहीं कर पा रही है। वहां कोरोना से नियम हवा हो रहे हैं।

बंद किए गए स्मारक, परीक्षाएं टली
वहीं, 15 मई तक लालकिला, ताजमहल सहित सभी राष्ट्रीय स्मारक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, कोरोना के चलते एनईईटी पीजी की परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है। इसकी अगली तिथि बाद में तय होगी। पहले यह परीक्षा 18 अप्रैल को होनी थी।

देश के हालात

इसी के साथ भारत में अब तक दर्ज कुल कोविड केसों की तादाद 1,42,91,917 हो गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में पिछले 24 घंटों के दौरान 1,185 मरीजों की कोरोनावायरस संक्रमण के चलते मौत भी हुई है, और देश में कोरोना से मरने वालों की कुल तादाद 1,74,308 हो गई है।
शुक्रवार को जारी आंकड़ों को जोड़ने पर अप्रैल माह के पहले 16 दिन में अब तक कुल 21,42,582 नए केस सामने आ चुके हैं, जबकि इस रोग से अप्रैल की इसी अवधि में कुल 11,840 मरीजों ने जान भी गंवाई है। वैसे, यह लगातार दूसरा दिन है, जब संक्रमण के दो लाख से ज्यादा नए केस दर्ज हुए हैं। साथ ही यह लगातार छठा दिन है, जब कोरोना के नए केसों के आंकड़ों ने डेढ़ लाख का आंकड़ा पार किया है। इसके अलावा, पिछले 12 दिन में देश में नए केसों का आंकड़ा 11वीं बार एक लाख के पार गया है। यह लगातार 10वां दिन है, जब कोरोनावायरस के एक लाख से ज़्यादा मामले दर्ज हुए हैं।
अब से पहले, 15 अप्रैल (गुरुवार) की सुबह जारी आंकड़ों में 200,739 नए केस दर्ज हुए थे, 14 अप्रैल (बुधवार) को 184,372 नए केस, 13 अप्रैल (मंगलवार) को 161,736 नए कोरोना केस, 12 अप्रैल (सोमवार) को 168,912 नए मामले, 11 अप्रैल (रविवार) को 1,52,879 नए केस, 10 अप्रैल (शनिवार) को 1,45,384 नए मामले, 9 अप्रैल (शुक्रवार) को 1,31,968 केस, 8 अप्रैल (गुरुवार) को 1,26,789 मामले और 7 अप्रैल (बुधवार) को 1,15,736 कोविड केस दर्ज किए गए थे. 6 अप्रैल (मंगलवार) को देशभर में 96,982 नए केस दर्ज हुए थे, लेकिन 5 अप्रैल (सोमवार) को देश में कोरोनावायरस के रोज़ाना आंकड़े ने पहली बार एक लाख का आंकड़ा दर्ज किया था, और कुल 1,03,558 मामले सामने आए थे।
बढ़ रही मरीजों की संख्या
कोरोनावायरस के विभिन्न वेरिएन्ट से जूझते भारत में COVID-19 के नए केसों में लगातार होती बढ़ोतरी के बीच भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। किसी वक्त एक लाख के आसपास पहुंच चुकी कुल एक्टिव मरीजों की तादाद इस वक्त 15 लाख से जयादा है। शुक्रवार सुबह जारी किए गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में इस वक्त 15,69,743 मरीज़ों का इलाज जारी है।
टीकारण की स्थिति
उधर, भारत में कोरोनावायरस, और उससे होने वाले रोग COVID-19 के विरुद्ध जारी वैक्सीनेशन अभियान की गति भी तेज है। दुनियाभर में सबसे तेज गति से 10 करोड़ वैक्सीन डोज लगाने का रिकॉर्ड कायम वाले देश में शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को पूरे देश में 27,30,359 डोज लगाई गईं। इसके साथ भारत-भर में अब तक कुल 11,72,23,509 कोरोना वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं।

उत्तराखंड में एक दिन के संक्रमितों का टूटा रिकॉर्ड
उत्तराखंड में कोरोना ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे के भीतर रिकॉर्ड 2220 नए कोरोना संक्रमित मिले। ये अब तक का एक दिन में सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 19 सितंबर को सर्वाधिक मामले सामने आए थे। तब एक दिन में 2078 मामलों का रिकार्ड दर्ज है। वहीं, मौत का आंकड़ा भी 1802 हो गया है। गुरुवार 15 अप्रैल की शाम स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 397 लोग कोरोना से स्वस्थ हुए और नौ लोगों की मौत हुई। 12484 लोग वर्तमान में कोरोना से संक्रमित हैं।
उत्तराखंड में अब कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 116244 हो गई है। वहीं, 99777 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। गुरुवार को सर्वाधिक मामले देहरादून में 914, हरिद्वार 613, नैनीताल में 156, उधमसिंह नगर में 131 और पौड़ी में 105 संक्रमित मिले। टिहरी जिले में 79 और अल्मोड़ा जिले में 55 संक्रमित मिले।
67 स्थानों पर लॉकडाउन
उत्तराखंड में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच अब पूरे प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसकी अवधि रात साढ़े दस बजे से सुबह पांच बजे तक है। वहीं, 67 स्थानों पर कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां लॉकडाउन की स्थिति है। लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। परिवार के एक सदस्य को ही आवश्यक वस्तु के क्रय के लिए मोबाइल वेन तक जाने की अनुमति है। देहरादून नगर निगम, कैंट क्षेत्र और क्लेमंटाउन क्षेत्र में रात साढ़े दस बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू भी है। उत्तराखंड के देहरादून में 33, हरिद्वार में छह, नैनीताल में 27, पौड़ी में एक कंटेनमेंट जोन है। वहीं, गुरुवार को 557 केंद्र में 34552 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
पढ़ें: कोरोना की दूसरी लहर ने डराया, पूरे उत्तराखंड में नाइट कर्फ्यू, कोचिंग सेंटर, स्वीमिंग पूल बंद, जानिए नियम

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

1 thought on “भारत में कोरोना का विस्फोट, 24 घंटे में सर्वाधिक केस, स्मारक बंद, परीक्षाएं टली, उत्तराखंड में भी टूटा रिकॉर्ड, नाइट कर्फ्यू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *