चारधाम यात्रा शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने विधानसभा के समक्ष दिया धरना, उत्तरकाशी में निकाला जुलूस
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने देहरादून में विधानसभा के समक्ष धरना दिया। वहीं, उत्तरकाशी में कांग्रेसियों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला। कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही के चलते चारधाम यात्रा शुरू नहीं हो पाई है। हजारों लोगों की रोटी रोटी का जरिया बंद हो चुका है। वहीं, सरकार को इस तरफ कोई चिंता नहीं है।गौरतलब है कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान सरकार ने चारधाम यात्रा शुरू करने का फैसला लिया था। इस पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी। इसके बाद सरकार हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चली गई। जब स्थिति सामान्य हुई और सब कुछ खुलने लगा तब सरकार सोती रही। अब हाल ही में सरकार ने हाईकोर्ट से यात्रा शुरू कराने का अनुरोध किया। इस पर हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट में मामला होने का हवाला दिया। तब जाकर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से याचिका वापस ली।
यात्रा शुरू न होने से उत्तराखंड में चारधाम यात्रा से जुड़े हजारों लोगों की आर्थिकी पर भी असर पड़ रहा है। लोग हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। आज देहरादून में विधानसभा के समक्ष आयोजित घरने का नेतृत्व करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। कहा कि अब कांग्रेस ने ठान लिया है कि चार धाम यात्रा शुरू होनी है। चाहे इसके लिए धरने करने पढ़ें या सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करना पड़े। चाहे जेल जाना पड़े। उन्होंने कांग्रेस जनों से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
इस मौके पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के संयोजक सूर्यकांत धस्माना ने राज्य की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड की लाइफ लाइन माने जाने वाली चार धाम यात्रा बीजेपी सरकार की लापरवाही व निक्कम्मे के कारण शुरू नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि कोविड19 की दूसरी लहर धीमी पड़ने के साथ ही राज्य सरकार का दायित्व था कि वो यात्रा को शुरू करने के लिए स्क्रीनिंग, टेस्टिंग, वैक्सिनेशन व यात्रा रूट पर अस्थायी आईसीयू युक्त अस्पताल, दवाओं व डॉक्टरों का समुचित प्रबंध करती। उच्च न्यायालय नैनीताल को अपनी तैयारियां का ब्योरा दे कर संतुष्ट करती। राज्य सरकार ने जानबूझ कर ऐसा नहीं किया। इस कारण न्यायालय को हतक्षेप कर यात्रा को रोकना पड़ा। सरकार जुलाई से ले कर अब तक भी न तो यात्रा की तैयारियों का ब्योरा कोर्ट को दे सकी और कोर्ट का बहाना बना कर यात्रा को टालती रही। इस कारण आज पूरी यात्रा रुट के पांच लाख परिवारों की रोजी रोटी का जुगाड़ बंद हो गया है।
धस्माना ने कहा कि यात्रा से संबंधित पंडित, पुरोहित, धर्मशालाओं, होटलों, परिवहन व्यवसायियों से लेकर सब्जी, दूध, प्रसाद व अन्य व्यवसायों से जुड़े लोग आज भुखमरी की कागार पर खड़े हैं। सरकार को इसकी फिक्र नहीं है। धस्माना ने कहा कि अब यात्रा के दो महीने रह गए हैं और अगर अब भी यात्रा शुरू नहीं हुई तो ये लोग बर्बाद हो जाएंगे।
धरने को पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व विधायक राजकुमार, नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा, सतपाल ब्रह्मचारी, जोत सिंह बिष्ट आदि ने भी संबोधित किया। संचालन मथुरा प्रसाद जोशी ने किया।
उत्तरकाशी में जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन
चारधाम यात्रा का संचालन अविलंब प्रारंभ करने व अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस उत्तरकाशी की ओर से प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय गांधी वाचनालय उत्तरकाशी में कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से जुलूस निकालकर बसअड्डे पर पहुंचे। जहां कुछ देर सांकेतिक जाम कर राज्य सरकार का पुतला दहन किया गया। पुतलादहन के बाद जुलूस प्रदर्शन के रूप में समस्त कांग्रेसी बसअड्डे से भटवाड़ी रोड होते हुए जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को चारधाम यात्रा को खोलने सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दों का ज्ञापन प्रेषित किया।
इस दौरान पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार हमारे आर्थिकी की प्रमुख रीढ़ चारधाम यात्रा को खोलने के प्रति बिल्कुल भी संवेदनशील नही है। न्यायालय में उचित पैरवी न करने के कारण हमारे चारधाम व्यवसाइयों को पिछले दो वर्षो से आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र चारधाम यात्रा खोले जाने की उचित पैरवी करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय मुद्दों, शहर में जाम की बढ़ती स्थिति को देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तिलोथ पुल निर्माण जल्द पूरा कराने, ऑलवेदर रोड निर्माण से प्रभावित स्थानीय भवनों/काश्तकारी भूमि के लंबित मुआवजों का भुगतान. बड़ेथी चुंगी के पास ओपन टनल का शीघ्र निर्माण, गंगा के तटवर्ती कस्बों में कचरा प्रबंधन व सीवर ट्रीटमेंट का ठोस दीर्घकालिक उपाय करने, चुनावी घोषणा के अनुसार कृषि ऋण माफ करने, बढ़ती महंगाई पर अंकुश, रोजगार के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगमोहन रावत, पालिकाध्यक्ष रमेश सेमवाल, शहर अध्यक्ष दिनेश गौड़, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश चौहान, कमल सिंह रावत, महिला कांग्रेस अध्यक्षा मीना नौटियाल, पालिका सभाषद सविता भट्ट, कविता जोगेला, देवराज बिष्ट, बुद्धि सिंह राणा, अजीत गुसाईं, महावीर चौहान, मनोज शाह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



