पीएम नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे के दौरान कांग्रेसियों ने शिवालयों में किया जलाभिषेक और कीर्तन, हरीश रावत ने लगाया ये आरोप
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड के प्रसिद्ध धाम श्री केदारनाथ में दौरे के दौरान उन्हें वायदे याद दिलाने के लिए कांग्रेसियों ने शिवालयों में जलाभिषेक किया।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड के प्रसिद्ध धाम श्री केदारनाथ में दौरे के दौरान उन्हें वायदे याद दिलाने के लिए कांग्रेसियों ने शिवालयों में जलाभिषेक किया। इसके तहत हर जिले में 12 मंदिरों में जलाभिषेक कार्यक्रम चलाया गया। साथ ही इस दौरान भजन व कीर्तन का आयोजन किया गया। कांग्रेसियों के मुताबिक, पीएम नरेन्द्र मोदी ने 2019 में अपने केदारनाथ दौरे के दौरान कई वादे किये थे, परन्तु भाजपा सरकार के विगत 5 वर्ष के कार्यकाल मे केदारनाथ धाम में सारे निर्माण कार्य अवरूद्ध हो गये हैं। तथा एक इंच भी काम नहीं हुआ है। इसके विरोध स्वरूप उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रत्येक जनपद के 12-12 शिवालयों में जलाभिषेक एवं भजन कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया। इसी परिपेक्ष में राजधानी देहरादून के मालदेवता स्थित शिव मन्दिर में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं हरिद्वार के दक्ष मन्दिर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने जलाभिषेक किया। इसके साथ सभी विधायक, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेतागण अपने-अपने क्षेत्रों में शिव मन्दिरों में जलाभिषेक करेंगे।पीएम मोदी को हरीश रावत ने लिया आड़े हाथ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केदारनाथ दौरे को लेकर उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने आड़े हाथ लिया है। रावत ने कहा कि पीएम मोदी केदारनाथ सिर्फ प्रसारण के लिए गए। उन्होंने ये भी कहा कि भगवान शिव अहंकार को स्वीकार नहीं करते। हरीश रावत यहीं नहीं रुके, उन्होंने ये भी कहा कि पीएम मोदी कांग्रेस सरकार के किए कार्यों का लोकार्पण कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ही अधूरे निर्माण पूरे करेगी।
हरीश रावत ने कहा कि पीएम मोदी तो राजनीतिक भाषण के लिए आए हैं। वे अपनी पार्टी की मार्केटिंग कर रहे हैं, लेकिन हम अपने शिवालयों में ही ज्योतिर्लिंग देखते हैं और अपने शिवालयों में ही केदारनाथ देखते हैं और यहां जलाभिषेक कर रहे हैं। देश में शांति, सौहार्द और भाईचारा बना रहे और लोकतंत्र बचे रहे इसकी हमने कामना की है।
महंगाई को लेकर भी हरीश रावत ने मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि महंगाई में लगातार हो रहे इजाफे से आम जनता बेहद आक्रोशित है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल के दाम में कमी को लेकर कहा कि अगर जनता से वसूल किया गया, जनता को दान कर दिया तो कौन सी बड़ी बात है।
इससे पहले हरीश रावत ने तिलभांडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। उसके बाद हरीश रावत दक्ष मंदिर पहुंचे, जहां मत्था टेकने के बाद उन्होंने श्रीमहंत रवींद्र पुरी अध्यक्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (महानिर्वाणी), अखाड़ा परिषद के उपाध्यक्ष महंत दामोदरदास महाराज और अखाड़ा परिषद के कोषाध्यक्ष महंत जसविंदर का फूल माला और शाल ओढ़ाकर स्वागत और सम्मान किया। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुशील राठी, सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व ओएसडी पुरुषोत्तम शर्मा, एडवोकेट अरविंद शर्मा, धर्मेंद्र प्रधान, मनीष कर्णवाल, ठाकुर रतन सिंह सहित कई कांग्रेसी नेता, कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।



