Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 10, 2026

अभी तक पुष्कर धामी को अपनी सीट का ऑफर देने वाले कांग्रेस विधायक हरीश धामी पलटे, बोले-भाजपा में नहीं जाऊंगा

कांग्रेस में उपेक्षा से नाराज उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले की धारचूला सीट से विधायक हरीश धामी ने अब यू टर्न लिया है।

कांग्रेस में उपेक्षा से नाराज उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले की धारचूला सीट से विधायक हरीश धामी ने अब यू टर्न लिया है। अभी तक अपनी सीट सीएम पुष्कर सिंह धामी को ऑफर करने वाले कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक हरीश धामी ने भाजपा में शामिल होने की संभावना से इनकार कर दिया। साथ ही ये कहा कि अगर पार्टी उनकी ‘उपेक्षा’ करती रहेगी तो वह अगला विधानसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ सकते हैं।
धामी हाल में प्रदेश कांग्रेस में हुए सांगठनिक बदलाव से नाराज हैं। इसमें उन्होंने अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया है। साथ ही इन बदलाव पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा था कि नियुक्तियों में उनकी अनदेखी की गयी और मेरिट का ध्यान नहीं रखा गया। इस दौरान उन्होंने ऐसे बयान दिए, जो कांग्रेस की प्रतिष्ठा पर बट्टा लगाने वाले थे। उन्होंने यह तक कह दिया कि वह पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी सीट खाली कर देंगे। इससे उनके बीजेपी में जाने के कयास लगाए जाने लगे। कई मीडिया और पोर्टलों ने तो खबरें यहां तक चला दी थी कि वह किस दिन और कब बीजेपी ज्वाइन करेंगे। हालांकि, ऐसा कुछ नहीं हुआ।
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए धामी ने कहा कि अगर उनकी शिकायतों का समाधान नहीं किया गया, तो वह अगला विधानसभा चुनाव निर्दलीय के रूप में लड़ने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी द्वारा इसी तरह उपेक्षा की जाती रही तो धारचूला से वर्ष 2027 में अगला चुनाव उनको निर्दलीय के रूप में लड़ना पड़ेगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी सीट खाली करने की पेशकश की थी। धारचूला विधायक ने कहा कि उनकी इस संबंध में किसी से कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मैंने केवल पार्टी द्वारा पूर्व में और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में की गयी अपनी अनदेखी को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। धारचूला ब्लॉक के एक वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता आन सिंह रोकाया ने कहा कि धामी ने भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं को समाप्त कर दिया है, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए राहत की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी से अपना उचित हक लेने के धामी के संघर्ष में वह भी उनके साथ हैं।
पार्टी प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद धामी ने पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव की भी कड़ी आलोचना की थी। पिछले रविवार को पार्टी हाईकमान ने रानीखेत के पूर्व विधायक करण माहरा को प्रदेश अध्यक्ष, चुनाव से पहले भाजपा छोडकर कांग्रेस में लौटे आर्य को राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा में पटखनी देकर पहली बार विधायक बने भुवन चंद्र कापड़ी को विधानसभा में उपनेता नियुक्त किया था। धामी ने नई नियुक्तियों में क्षेत्रीय असंतुलन और वर्षों से पार्टी का झंडा उठा रहे पुराने लोगों पर नए लोगों को तरजीह देने का आरोप लगाया था।
वीडियो भी हुआ वायरल
शनिवार को मुनस्यारी यूथ आईटी कांग्रेस फेसबुक अकाउंट पर धारचूला विधायक हरीश धामी का एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें वे अपने विधानसभा क्षेत्र में समर्थकों के साथ बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। हरीश धामी अपने समर्थकों से कह रहे हैं कि उन्हें जनता ने विधायक बनाया है। इसलिए अपनी सीट छोड़ने से पहले मैं आप लोगों के बीच ही आऊंगा। उसके बाद ही सीट छोड़ने पर निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान हरीश धामी ने दम भरते हुए कहा कि साल 2027 में चाहे कुछ भी हो जाए, वह कांग्रेस पार्टी से चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी ने उनके साथ धोखा किया है।