Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 8, 2026

राजधानी की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर मुख्य सचिव से मिला कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल, अपराध होने पर तय हो पुलिस की जवाबदेही: सूर्यकांत धस्माना

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था से नाराज कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने बढ़ते अपराधों पर अपनी नाराजगी जताई और मांग पत्र सौंपकर मांग की कि प्रदेश में पुलिस को चौकी, थाना, सर्कल व जिला स्तर पर अपराध घटित होने पर जवाबदेह बनाया जाए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

मुख्य सचिव को सौंपे गए मांग पत्र में धस्माना ने कहा कि इस साल की शुरुआत से ही राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ आई हुई है। परेड ग्राउंड में प्रेस क्लब के सामने सुबह 10 बजे एक युवक की हत्या, राजपुर रोड में एसएसपी बंगले से चंद कदम पर सिल्वर सिटी मॉल में सुबह 10 बजे के आसपास शूटआउट में युवक की हत्या, जोहड़ी गांव में गैंगवार के क्रॉस फायर में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या, पल्टन बाजार में सुबह-सुबह युवती की चापड़ से गर्दन काटकर हत्या, इसी महीने भाजपा पार्षद अमिता सिंह के पूरे परिवार को भोजन में नशीला पदार्थ खिलाकर घर में लूट की घटना घटित हुई हैं। अब मंगलवार को थाना रायपुर अंतर्गत विष्णु लोक में घटित जघन्य व वीभत्स तिहरा हत्याकांड से फिर से राजधानी दहल उठी है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि इन घटनाओं से पूरी राजधानी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की तस्वीर दीवार पर साफ लिखी दिखाई पड़ रही है। इसे देखकर राजधानी देहरादून की जनता भयाक्रांत और दहशत में है। उन्होंने कहा कि इन वारदातों का सबसे बड़ा असर उन सीनियर सिटीजंस पर पड़ रहा है, जो अकेले रह रहे हैं। धस्माना ने कहा कि एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के अपराधी भी देहरादून को अपनी शरणस्थली बनाते हैं, क्योंकि यहां पुलिसिंग कमजोर है और फिर किसी बड़ी आपराधिक वारदात के बाद पता चलता है कि दूसरे राज्य का दुर्दांत अपराधी मजे से यहां व्यवसाय कर रहा था। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

उन्होंने मुख्य सचिव से स्पष्ट रूप से मांग की है कि प्रदेश के गृह विभाग व पुलिस महकमे को यह निर्देश दिए जाएं कि किसी भी जघन्य आपराधिक घटना के लिए संबंधित चौकी, थाना, सर्कल व जिला स्तर के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही हर थाना क्षेत्र में रहने वाले सीनियर सिटीजंस की सुरक्षा का पुलिस विशेष ख्याल रखे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग के अध्यक्ष दिनेश कौशल, पूर्व प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान व युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित खन्ना शामिल रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।