Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

May 25, 2026

कर्नल कोठियाल ने दिया आप से इस्तीफा, उनके चेहरे पर लड़ा था उत्तराखंड में चुनाव, पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने भी किया टाटा

उत्तराखंड में पिछले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की ओर से सीएम पद के प्रत्याशी रहे कर्नल (से.नि.) अजय कोठियाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।


उत्तराखंड में पिछले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की ओर से सीएम पद के प्रत्याशी रहे कर्नल (से.नि.) अजय कोठियाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अपने सोशल मीडिया अकाउंट में उन्होंने इस्तीफा पोस्ट किया। हालांकि उन्होंने पार्टी छोड़ने के ठोस कारणों का उल्लेख नहीं किया। साथ ही ये पत्ते भी नहीं खोले कि वह अगली राजनीतिक पारी किस दल में शामिल होकर खेलेंगे। कर्नल कोठियाल के साथ ही पार्टी के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने भी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
कर्नल अजय कोठियाल ने फेसबुक में अपना इस्तीफा पोस्ट किया। इसमें कहा गया है कि पूर्व सैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं तथा बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं आज दिनांक 18 मई को आम आदमी पार्टी की सदस्यता से अपना त्यागपत्र दे रहा हूं। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि मैं 19 अप्रैल 2021 से आज दिनांक 18 मई 2022 तक आम आदमी पार्टी का सदस्य रहा हूं। पूर्व सैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं तथा बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं आज दिनांक 18 मई को आम आदमी पार्टी की सदस्यता से अपना त्यागपत्र दे रहा हूं।

कर्नल कोठियाल के चेहरे पर ही उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ा था। उन्हें सीएम पद के प्रत्याशी के रूप में प्रचारित किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद भी कर्नल कोठियाल ग्रामीण इलाकों में दौरे करते रहे, लेकिन चुनाव परिणाम आने पर उत्तराखंड में आप प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। तब से ही कर्नल कोठियाल भी शांत बैठ गए थे। उनके आप में जाने को लेकर सोशल मीडिया में लोग भी लिखते रहते थे। हालांकि इससे पहले वर्ष 2019 में लोकसभा के चुनावों के दौरान भी कर्नल कोठियाल ने बीजेपी में जाने और टिकट हासिल करने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन बीजेपी ने उन्हें तव्वजो नहीं दी। 2019 में लोक सभा चुनाव के दौरान उन्होंने गढ़वाल संसदीय सीट के कई गांवों में जनसंपर्क किया। आरएसएस के कई शीर्ष लोगों से मुलाकात की। लोगों से लगातार मिलते जुलते रहे तो लगने लगा था कि 2019 में वह भाजपा के गढ़वाल संसदीय सीट से उम्मीदवार हो सकते हैं। ऐन मौके पर टिकट तीरथ सिंह रावत को मिला और कर्नल कोठियाल का राजनीति में आने का फैसला नेपथ्य में चला गया।

भूपेश उपाध्याय ने भी दिया इस्तीफा
पूर्व दर्जाधारी एवं आप के पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने भी आज ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को उन्होंने इस्तीफा भेजा। इसमें उन्होंने लिखा कि मैने 24 अगस्त 2021 को आपके समक्ष पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मुझे महसूस हुआ कि पार्टी की कार्यप्रणाली और विचारधारा उत्तराखंड के हित में नहीं है। इस कारण विधानसभा चुनाव में जनता ने पार्टी को ठुकरा दिया।
उन्होंने प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे ईस्ट इंडिया कंपनी के एजेंटों की तरह प्रदेश मे पार्टी को हांक कर अपने निजी हितों को साधने का काम कर रहे हैं। इन परिस्थितियों में मैं पार्टी के भीतर असहज महसूस कर रहा हूं। ऐसे में प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *