मतदान निपटा, नेता बैठे घर पर, कर्नल कोठियाल पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात करने, बोले-नवनिर्माण का अभियान रहेगा जारी
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए बीते दिन सोमवार को मतदान शांतिपूर्वक निपट गया। इसके बाद प्रत्याशी घरों में बैठ गए और थकान मिटाने के साथ ही अलग अलग बूथों के मत प्रतिशत की सूची लेकर जीत हार के गणित लगाने में जुटे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के सीएम पद के प्रत्याशी कर्नल (से.नि.) अजय कोठियाल घर बैठने की बजाय गंगोत्री क्षेत्र में भ्रमण में हैं। उन्होंने गंगोत्री से विधानसभा चुनाव लड़ा और मतदान के अगले दिन यानी कि आज मंगलवार को गंगोत्री विधानसभा के कामर ग्रामसभा पहुंचे। यहां तक पहुंचने के लिए उन्हें छह किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। कर्नल कोठियाल के कामर पहुंचने पर ग्रामीण भी चौंक गए। क्योंकि अक्सर नेता वोट मांगने आते हैं और चुनाव के बाद अगले चुनावों में ही उनकी शक्ल नजर आती है।कामर पहुंचते ही ग्रामीणों ने कर्नल कोठियाल का जोरदार स्वागत किया। कर्नल कोठियाल ने इस दौरान कहा कि उन्होंने कामार गांव की जनता से मैने इस गांव में आने का वादा किया था। अधिक व्यस्तता होने के कारण वह प्रचार के दौरान इस गांव में नहीं आ पाए थे। इस कारण चुनाव खत्म होते ही सबसे पहले उन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए कामर गांव का भ्रमण किया।
इस दौरान कर्नल कोठियाल ने कहा कि जिन गांव में मैं चुनाव के दौरान भ्रमण नहीं कर पाया, उन सभी गांव में जाकर में लोगों से मिल रहा हूं। प्रदेश नवनिर्माण की जो लड़ाई आम आदमी पार्टी ने शुरू की है यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी। आम आदमी पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। कर्नल कोठियाल ने कहा कि जो जो गांव चुनाव प्रचार के दौरान छूट गए थे, मैं उन सभी गांव का भ्रमण कर जनता का धन्यवाद करते हुए उनसे जरूर मुलाकात करूंगा।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



