उत्तराखंड के इन दो जिलों में दो दिन शीत दिवस, इस दिन से दो दिन पहाड़ों में होगी हल्की बर्फबारी
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में आज 28 दिसंबर और कल 29 दिसंबर के लिए मौसम विभाग ने शीत दिवस घोषित किया है। साथ ही इन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी के साथ ही ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में अधिकांश स्थानों पर आज मौसम साफ है। देहरादून सहित कई इलाकों में बादल भी हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, कल से पर्वतीय जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। अनुमान है कि तीन हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। 31 दिसंबर और एक जनवरी को राज्यभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)तापमान की स्थिति
बुधवार 28 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े दस बजे देहरादून का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 18 डिग्री और न्यूनतम नौ डिग्री रहने की संभावना है। 29 दिसंबर को तापमान में बदलाव होगा और अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री हो सकता है। 30 और 31 दिसंबर अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रह सकता है। इसके बाद एक जनवरी से लेकर चार जनवरी तक अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री के करीब रह सकता है। इस बीच 28, 29 और 30 दिसंबर, एक और तीन जनवरी को देहरादून में बादल छाए रहने की संभावना है।



