Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 15, 2026

उत्तराखंड में सीबीएसई की तर्ज पर 10वीं की परीक्षा रद्द, 12वीं की स्थगित, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी 

उत्तराखंड में बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनजर अब उत्तराखंड विदयालयी शिक्षा परिषद से संचालित 10वीं की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। सीबीएसई की तर्ज पर ही यह फैसला लिया गया है।


उत्तराखंड में बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनजर अब उत्तराखंड विदयालयी शिक्षा परिषद से संचालित 10वीं की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। सीबीएसई की तर्ज पर ही यह फैसला लिया गया है। वहीं, 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। रविवार की सुबह यह जानकारी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने ट्वीट कर दी। उन्‍होंने कहा क‍ि प्रदेश में कोरोना महामारी के दृष्टिगत परीक्षार्थियों की सुरक्षा और बचाव के लिए उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं को निरस्त करने और कक्षा 12 की परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। आगे भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य के दृष्टिगत ही निर्णय लिए जाएंगे।
बीते दिन उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाओं के बारे में फैसले पर शिक्षा विभाग को रुख स्पष्ट करने को कहा गया था। शिक्षा विभाग की ओर से सीबीएसई की तर्ज पर दसवीं की परीक्षा रद्द करने और 12वीं की परीक्षा स्थगित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने कहा कि शिक्षा विभाग का प्रस्ताव मिलने पर आगे फैसला लिया जाएगा। कोरोना संक्रमण बढ़ने की वजह से सीबीएसई समेत तमाम बोर्ड अपनी परीक्षाएं टाल चुके हैं।


बोर्ड उत्तराखंड में बोर्ड की परीक्षाएं चार मई से 22 मई तक प्रस्तावित थीं। बीते रोज मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी कोरोना संकट को देखते हुए परीक्षाओं को स्थगित करने समेत आवश्यक कदम उठाने के संबंध में विद्यालयी शिक्षा व उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दे चुके थे। वहीं आज 18 अप्रैल की सुबह शिक्षा मंत्री आरविंद पांडे ने ट्वीट कर 10वीं की परीक्षा रद करने और 12वीं की परीक्षा स्थगित करने की जानकारी दी। 12वीं की परीक्षा पर एक जून के बाद फैसला लिया जा सकता है।
उत्तराखंड में कोरोना के हालात चिंताजनक
उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना ने जमकर कहर मचाया। हर दिन नए संक्रमितों के आंकड़े का रिकॉर्ड तो टूट रहा था, अब मौत के आंकड़े का रिकार्ड भी टूट गया है। 17 अप्रैल की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 2757 नए संक्रमित मिले। साथ ही 37 लोगों की कोरोना से मौत हुई। शुक्रवार 16 अप्रैल को प्रदेश में एक दिन में 2402 नए संक्रमित मिले थे। वहीं, 17 मौत हुई थी। शनिवार को 802 लोग स्वस्थ हुए और वर्तमान में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 15386 हो गए हैं।
प्रदेश में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 121403 हो गई है। इनमें 101659 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कोरोना से 1856 की मौत हो चुकी है। शनिवार को सर्वाधिक 1179, हरिद्वार में 617, उधमसिंह नगर में 265, नैनीताल में 248, पौड़ी गढ़वाल में 155 नए संक्रमित मिले। टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को 606 केंद्र में 40309 लोगों को टीके लगाए गए।
देहरादून में सप्ताह में दो दिन, दूसरे जिलों में एक दिन कर्फ्यू
कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र में शनिवार और रविवार के दिन कोविड कर्फ्यू लगा दिया है। वहीं, अन्य जिलों में रविवार के दिन कोविड कर्फ्यू होगा। ये आदेश 18 अप्रैल से लागू हो रहे हैं और 30 अप्रैल तक के लिए हैं। यही नहीं, ज्यादातर परीक्षाएं स्थगित हो चुकी हैं। स्कूलों में आनलाइन पढ़ाई के आदेश हो चुके हैं। नाइट कर्फ्यू के समय में फिर बदलाव किया गया है। अब रात नौ बजे से सुबह पांच बजे नाइट कर्फ्यू होगा। पहले इसमें ढील दी गई थी और इसे रात साढ़े दस बजे से किया गया था।
80 स्थानों पर लगाया गया है लॉकडाउन
बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच कंटेंनमेंट जोन की संख्या भी बढ़ती जा रही है। प्रदेश के ऐसे कंटेनमेंट जोन में सभी प्रकार की सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। एक तरह से पूरा एरिया लॉकडाउन है। यहां आवश्यक वस्तु के लिए परिवार के एक सदस्य को ही मोबाइल वेन तक जाने की अनुमति है।