उत्तराखंड में देहरादून सहित कई जिलों में सुबह से चटक धूप, मौसम विभाग कह रहा राज्यभर में होगी बारिश
उत्तराखंड में आज 19 अप्रैल को पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह से ही राजधानी देहरादून सहित कई मैदानी जिलों में चटक धूप निकल गई थी। साथ ही जैसे जैसे दिन चढ़ रहा है, धूप असहनीय होती जा रही है। वहीं, राज्य मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि आज राज्यभर में बारिश होगी। हालांकि, बारिश बहुत हल्की से हल्की हो सकती है। वहीं, 20 और 21 अप्रैल को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में बारिश की संभावना है। 22 अप्रैल को राज्यभर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 23 अप्रैल को हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले को छोड़कर अन्य 11 जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
दो दिन का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, आज 19 अप्रैल और 22 अप्रैल को राज्यभर में तेज हवाएं चलने, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। ऐसे में इन दो दिन के लिए राज्यभर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज चार हजार मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले इलाकों पर बर्फबारी की भी संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
शुक्रवार 19 अप्रैल की सुबह करीब पौने 11 बजे देहरादून का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रहने की संभावना है। 20 अप्रैल से लेकर 26 अप्रैल तक अधिकतम तापमान क्रमशः 32, 33, 32, 32, 33, 35, 36 डिग्री रहने की संभावना है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 19, 21, 19, 19, 20, 22, 22 डिग्री रह सकता है। ऐसे में साफ है कि आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ती चली जाएगी।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



