उत्तराखंड में भाजपा की विजय संकल्प यात्रा शुरू, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गढ़वाल के यात्रा रथों को दिखाई झंडी, सुनें संबोधन
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में भाजपा की विजय संकल्प यात्रा की आज से शुरुआत हो गई। हरिद्वार के पंतदीप मैदान से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गढ़वाल मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए इस यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो में भी भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक आदि नेता भी मौजूद रहे।
इस मौके पर उन्होंने आयोजित जनसभा में कहा कि उत्तराखंड और हरिद्वार की जनता ने भाजपा को फिर से आशीर्वाद देने का मन बनाया है, ये यहां के लोगों के उत्साह से स्पष्ट दिखता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि हम डबल इंजन लगाकार उत्तराखंड का विकास करेंगे। मुझे खुशी है कि आज हम दावे के साथ कह सकते हैं कि पिछले पांच साल में एक लाख करोड़ रुपया उत्तराखंड की धरती पर विकास के लिए लगाया गया।
Roadshow, “Vijay Sankalp Yatra” Haridwar, Uttarkhand. https://t.co/zj1EJRlpHe
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) December 18, 2021
उन्होंने कहा कि आपने केदारनाथ की त्रास्दी देखी। आज आप देखिए वहां सात सौ करोड़ के छोटे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। नवीनीकरण चल रहा है। चारधाम यात्रा के लिए 12 हजार करोड़ की लागत से बनने वाला आल वेदर रोड भी डबल इंजन की सरकार ने दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव आ रहे हैं, सबको समझा देना। सरकार के कार्यों को बताना। उन्होंने कहा कि विकास की एक नई कहानी आज उत्तराखंड लिख रहा है।
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। यहां हरिद्वार के भल्ला कालेज के हेलीपैड पर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत तमाम पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पंतदीप मैदान पहुंचकर वेद पाठियों के शंखनाद के साथ गढ़वाल की विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत की।
गढ़वाल क्षेत्र में यह यात्रा 2660 किमी और कुमाऊं में 1890 किमी का सफर तय करेगी। इस दौरान प्रदेश सरकार के पांच साल के कार्यकाल और डबल इंजन की उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी जाएगी। वहीं, कुमाऊं मंडल की यात्रा 19 दिसंबर को बागेश्वर से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर रवाना करेंगे।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






