Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

April 21, 2026

भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी का ऐलान, दोबारा सत्ता में आने पर पुष्कर सिंह धामी ही रहेंगे सीएम, कांग्रेस और आप पर हमला

केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री और उत्तराखंड भाजपा के 2022 विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने कहा कि अगर पार्टी आगामी चुनाव जीतती है तो वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

देश भर में अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं। उत्तराखंड में तो आम आदमी पार्टी ने सीएम का चेहरा भी घोषित कर दिया है। वहीं, केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री और उत्तराखंड भाजपा के 2022 विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने भी इस संबंध में स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी आगामी चुनाव जीतती है तो वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। जोशी ने यह बात उत्तराखंड के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान कही। उनके साथ पार्टी चुनाव सह प्रभारी सांसद लॉकेट चटर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह भी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने साफ किया कि राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही चेहरा होंगे और उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी और धामी ही मुख्यमंत्री रहेंगे। इसे लेकर पार्टी के मन में कहीं कोई संदेह नहीं है। जोशी ने कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को ‘भूतपूर्व पार्टी’ करार दिया, तो आम आदमी पार्टी पर राज्य में झूठ फैलाने की कोशिश करने का आरोप जड़ा।
उत्तराखंड दौरे पर आए जोशी शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा बहुत अच्छी स्थिति में है। चुनाव के मद्देनजर पार्टी अपनी रणनीति के तहत काम रही है। भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में 60 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जिसमें हम कामयाब होंगे। टिकट वितरण से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जब टिकट आवंटन होगा, तब आधार का सभी को पता चल जाएगा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य की उपलब्धियों का जिक्र भी किया। साथ ही विकास को गति देने के लिए धामी सरकार की पीठ थपथपाई।
उत्तराखंड में भाजपा के दो दिग्गज नेताओं के बीच जुबानी जंग और विधायकों के विवाद से संबंधित प्रकरणों पर उन्होंने कहा कि अनुशासन पर पार्टी सख्त है। सभी से बात हो चुकी है। अब न तो कोई पार्टी लाइन से बाहर जाएगा और न अनुशासन ही तोड़ेगा। प्रहलाद जोशी ने दो अन्य चुनाव प्रभारी के साथ आगामी 2022 के चुनावों की रणनीति बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा, उत्तराखंड की वर्तमान सरकार युवा सीएम पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में अच्छा काम कर रही है। उनके तहत, केवल पार्टी चुनाव लड़ रही है और अगर पार्टी जीतती है, तो वह केवल नई भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि वह सभी नेताओं से बात कर चुके हैं। जोशी ने कहा, मैं उन सभी नेताओं से मतभेदों को दूर करने के लिए बोल रहा हूं। मैं ऐसा करने में काफी हद तक सफल भी हुआ हूं। सभी एकजुट होकर बिना किसी मतभेद के चुनाव लड़ेंगे।
जोशी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को कांग्रेस ने राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया, जबकि यह राजनीतिक मुद्दा नहीं, करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। और तो और पूर्व मुंख्यमंत्री हरीश रावत ने जय श्रीराम की बजाय जय गणेश का नारा दिया। अच्छी बात यह है कि रावत ने अगंभीर राजनीतिज्ञ राहुल गांधी को जय गणेश बोलने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है, लेकिन महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के कार्यक्रमों पर प्रतिबंध है। इस बारे में रावत को चाहिए कि वह राहुल गांधी को महाराष्ट्र सरकार को समझाने के लिए प्रेरित करें। कांग्रेस में क्या चल रहा है, उन्हें यह देखना चाहिए। कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं और वे भी मानते हैं कि वर्तमान व भविष्य भाजपा का है। कांग्रेस तो भूतपूर्व पार्टी हो गई है।
आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए जोशी ने कहा कि फौजी का फोटो दिखाकर वोट मांग रही। इसी पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक पर फौज का अपमान किया था। तब आप ने वही भाषा बोली, जो पाकिस्तान बोल रहा था। सर्जिकल स्ट्राइक के सुबूत मांगे जा रहे थे। उन्होंने कहा कि आप के दिल्ली माडल की हवा निकल चुकी है। अब वह उत्तराखंड में झूठ फैलाने की कोशिश कर रही है। राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सह चुनाव प्रभारी आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी और इसके मुखिया अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को छल रहे हैं। इस छलिया के बहकावे में आने से बचना होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सह चुनाव प्रभारी लाकेट चटर्जी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक आदि मौजूद थे।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *