उत्तराखंड में भाजपा के मीडिया प्रभारी बोले-हार देखकर कांग्रेस तलाशने लगी है बहाने
उत्तराखंड में भाजपा ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि लगता है विधानसभा चुनावों में हार सन्निकट देखकर कांग्रेस अभी से बहाने तलाशने लगी है।
उत्तराखंड में भाजपा ने कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा कि लगता है विधानसभा चुनावों में हार सन्निकट देखकर कांग्रेस अभी से बहाने तलाशने लगी है। भाजपा के केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी पर कांग्रेस की ओर से उठाए सवाल का जबाब देते हुए पार्टी प्रदेश मेडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस के पास विधानसभा और लोकसभा में ही नहीं, बाहर भी लोकप्रिय नेताओं की कमी हो गयी है।उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसे नेता ही नहीं हैं, जिन्हे जनता सुनना पसंद करती हो। वहीं भाजपा के पास न केवल राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की अंतहीन सूची है, बल्कि कार्यकर्ताओं के रूप में वह दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है। अब कांग्रेस के पास न संगठन है और न ही लोकप्रिय चेहरा है। ऐसे में उन्हे भाजपा से ईर्ष्या नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो चुनाव आयोग में स्टार प्रचारकों की लिस्ट के नाम पर भी खानापूर्ति करती है। क्यूंकि स्टार प्रचारकों के नाम पर अधिकांश तो उनके प्रवक्ता हैं, जो पत्रकार वार्ता के अलावा कहीं नहीं नज़र आते हैं। आज कांग्रेस और अन्य तमाम दल विपक्ष की भी भूमिका निभाने में भी अक्षम है। अब ऐसे में अपनी कमजोरी के लिए भी भाजपा को जिम्मेदार ठहराने की प्रवृति को देवभूमि की जनता बखूबी जान चुकी है, जिसका जबाब चुनाव में भाजपा के पक्ष में रिकॉर्ड मतदान करके देगी।



