गैरजिम्मेदाराना बयान के लिए उत्तराखंड की जनता से माफी मांगे भाजपा प्रवक्ता: राजीव महर्षि
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने सत्तासीन भाजपा के प्रवक्ता शादाब शम्स के चारधाम यात्रा पर दिये गए बयान को नितान्त गैरजिम्मेदाराना और अवांछित करार दिया।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने सत्तासीन भाजपा के प्रवक्ता शादाब शम्स के चारधाम यात्रा पर दिये गए बयान को नितान्त गैरजिम्मेदाराना और अवांछित करार दिया। उन्होंने राज्य सरकार और भाजपा नेतृत्व के साथ ही प्रवक्ता से तत्काल माफी मांगने को कहा है। महर्षि ने यह टिप्पणी शादाब शम्स के उस बयान पर की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि चारधाम यात्रा पर लोग मोक्ष प्राप्ति के लिये आते हैं और अधिकारी भी यही मानते हैं।राजीव महर्षि ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता को सनातन की मूल्य मान्यताओं और परम्पराओं का अध्ययन करने के बाद ही कोई टिप्पणी करनी चाहिये थी। इस मामले में न सिर्फ भाजपा ने सनातन धर्म का अपमान किया है, बल्कि भाजपा प्रवक्ता ने भी अपनी अल्पग्यता का परिचय दिया है। उन्होने कहा कि चारधाम यात्रा व्यवस्था करने में अपनी नाकामी छिपाने के लिये भाजपा सरकार और उसकी पार्टी के लोग अनर्गल बातें कर रहे हैं। उन्हें मोक्ष और तीर्थाटन का भेद भी पता नहीं है। समाज को गलत ज्ञान देने की कुचेष्टा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले करीब 40 लोग अब तक भाजपा सरकार की नाकामी और लापरवाही के कारण अकाल काल के गाल में समा चुके हैं। भाजपा के नादान प्रवक्ता इसे मोक्ष का नाम देकर लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने के बजाय उस पर नमक छिड़क रहे हैं। इससे ज्यादा शर्मनाक और कुछ नहीं हो सकता। उन्होनें भाजपा नेत्तृत्व की आलोचना करते हुए कहा है कि सनातन धर्म जैसे सम्वेदनशील मुद्दे पर गैर जानकार और गैरजिम्मेदार व्यक्ति से बयान दिलवा कर वह श्रद्धालुओं का क्यों अपमान करना चाहती है। उन्हें इस बात को साफ करना चाहिए। अव्यवस्था, कुप्रबन्धन, नाकामी और लापरवाही पर इस तरह के बयानो से पर्दा नहीं डाला जा सकता। इससे सिर्फ दिमागी दिवालियापन ही उजागर होता है।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






