21 वर्ष की आयु में रिटायरमेंट देने वाली पहली सरकार बनी भाजपाः रविंद्र सिंह आनंद
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के गढ़वाल मीडिया प्रभारी रविंद्र सिंह आनंद ने अग्नीपथ के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देश के युवाओं को छलने का काम किया है।
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के गढ़वाल मीडिया प्रभारी रविंद्र सिंह आनंद ने अग्नीपथ के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देश के युवाओं को छलने का काम किया है। देश में बीजेपी की ऐसी पहली सरकार है, जो युवाओं को 21 वर्ष की आयु में रिटायरमेंट देकर उन्हें बेरोजगार करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अग्निपथ योजना के तहत सिर्फ 4 सालों में युवाओं को सेना से सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा, उससे सरकार की मंशा का पता लगता है। ये सरकार युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगने का काम करते हुए उन्हें पंगु बना रही है।उन्होंने कहा कि जो युवा 17 वर्ष की आयु में अग्निपथ की परीक्षा देगा, वह 4 साल की नौकरी के बाद महज 21 वर्ष की आयु में रिटायर हो जाएगा। 6 महिने की ट्रेनिंग के बाद वो सिर्फ 3.5 साल ही नौकरी कर पाएगा। 21 साल में जब युवा अपना कैरियर शुरू करते हैं, तभी उनको रिटायरमेंट देने का काम यह सरकार करेगी। इससे सरकार की नीयत का पता चलता है कि कैसे सरकार अपने फायदे के लिए युवाओं का इस्तेमाल करने जा रही है।
उन्होंने कहा विश्व के अन्य देश 60 साल के बाद भी लोगों को नौकरी देने की सोच रहे हैं, लेकिन भारत में केंद्र सरकार का 21 साल की आयु में ही रिटायरमेंट देने का फैसला युवाओं को बुजुर्ग की श्रेणी में खड़ा कर देने जैसा है। इस फैसले से युवाओं में हीन भावना पैदा होगी। क्योंकि जो युवा 21 साल की उम्र में अपना करियर शुरू करते हैं उन्हें इस योजना के तहत 21 साल में घर बिठा दिया जाएगा। भले ही सरकार इसके पीछे कोई भी दलील दें, लेकिन आम आदमी पार्टी मांग करती है की तत्काल इस फैसले को वापस लिया जाए। ताकि युवाओं के साथ न्याय हो सके। साथ ही उनके भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ ना हो।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






