दो दिन बाद उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में होगी बारिश और बर्फबारी, दून में धीरे धीरे बढ़ेगा तापमान
उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम शुष्क है। वहीं, देहरादून में भी फिलहाल बढ़ते तापमन से राहत है। दो दिन बाद पर्वतीय जिलों में मौसम बदलने जा रहा है। 26 फरवरी से कई पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, देहरादून में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल शुक्रवार 24 फरवरी की सुबह से ही देहरादून सहित उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में धूप खिल गई थी। कल भी राज्यभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 26 से 28 फरवरी तक उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। राज्य के शेष इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
फिलहाल देहरादून का तापमान कुछ राहत भरा है। सुबह और शाम के साथ ही रात को सर्दी का अहसास है। दिन में धूप निकलने से सर्दी से राहत है। शुक्रवार 24 फरवरी की सुबह करीब दस बजे देहरादून का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहने की संभावना है। 25 फरवरी को भी इसी तरह का तापमान रहने की संभावना है। 26 फरवरी को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक एक डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
वहीं, 27 फरवरी को फिर अधिकतम और न्यूनतम तापमान एक एक डिग्री गिर सकता है। इसके बाद 28 फरवरी को तापमान बढ़कर अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रह सकता है। एक मार्च को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, दो मार्च को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रह सकता है। तीन मार्च को अधिकतम तापमान गिरकर 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री हो सकता है। इस दौरान आज 24 फरवरी, 27 फरवरी से लेकर दो मार्च तक देहरादून में बादल छाए रहेंगे।



