Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 13, 2026

पनामा देश से गंगोत्री धाम पहुंचकर हिंदू रीति रिवाज से विदेशी जोड़े ने रचाई शादी, भारतीय संस्कृति से है लगाव

मध्य अमेरिका के पनामा देश के एक प्रेमी जोड़े ने गंगोत्री धाम पहुंचकर हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह किया। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने नव विवाहित दंपती को आशीर्वाद दिया।

विदेशियों को भी भारतीय संस्कृति से लगाव देखा गया है। तभी तो वे ऐसा कुछ करने की ठानते हैं, जो उनके जीवन के लिए यादगार पल बन जाए। मध्य अमेरिका के पनामा देश के एक प्रेमी जोड़े ने गंगोत्री धाम पहुंचकर हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह किया। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने नव विवाहित दंपती को आशीर्वाद दिया।
इस दौरान गंगोत्री धाम आए तीर्थ यात्रियों ने भी विदेशी जोड़े के सात फेरे और विवाह की अन्य रस्मों को देखा। विदेशी नव विवाहित दंपती ने बताया कि उनकी हिंदू धर्म में गहरी आस्था है। सोमवार को विदेशी जोड़ा अपने साथ विवाह के रीति रिवाज व रस्मों से जुड़ा सामान लेकर गंगोत्री धाम में पहुंच गया था। मंगलवार को इस जोड़े में दूल्हा जोंस गोंजालेन और दुल्हन फिलिजाबेथ का विवाह हिंदू रस्मों के अनुरूप कराया गया।

गंगोत्री धाम स्थित भगीरथ शिला पर तीर्थ पुरोहित आचार्य विपिन सेमवाल व गंगा पुरोहित सभा के अध्यक्ष पवन सेमवाल ने विधिवत पूजा अर्चना के साथ विवाह को संपन्न करवाया। गंगोत्री में विदेशी जोड़े का विवाह देश-विदेश के तीर्थ यात्रियों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। विदेशी जोड़े के गाइड शिवम शिव हरि ने बताया कि जोंस गोंजालेन शिप में कैप्टन है। फिलिजाबेथ पनामा में गणेश हालेस्टिक सेंटर चलाती हैं। इसमें योग ध्यान का आयोजन होता है।

फिलिजाबेथ पिछले 11 वर्षों से भारत आ रही हैं। कई धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर चुकी हैं। इस जोड़े ने कहा कि हम भारतीय सभ्यता से काफी प्रभावित है। भारतीय संस्कृति से काफी लगाव है। भारतीय संस्कृति परंपरा के साथ यहां के निवासी, खाना-पान व रहन-सहन बेहद ही अच्छा लगता है।