प्रदेश में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने निकाला कैंडल मार्च
उत्तराखंड में लगातार हो रहे नाबालिक बच्चों के साथ बलात्कार के मामलों के विरोध में आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष और सोशल मीडिया प्रभारी उमा सिसोदिया और युवा मोर्चा विंग के प्रदेश अध्यक्ष नितिन जोशी के नेतृत्व में एक कैंडल मार्च निकाला गया। ये कैंडल मार्च देहरादून में आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय से होते हुए आरागर चौक तक निकाला गया।इस दौरान आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष उमा सिसोदिया ने धामी सरकार के 100 दिन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है और दूसरी ओर प्रदेश में नाबालिग बच्चों के साथ दुष्कर्म जैसी जघन्य घटनाएं हो रही हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार अपने 100 दिन के कार्यकाल में मस्त है और दूसरी ओर जघन्य अपराधों से पीड़ित बच्चियां अपने जीवन से संघर्ष कर रही हैं। रुड़की दुष्कर्म में पीड़ित 6 साल की बच्ची को मुख्यमंत्री धामी द्वारा महज 50 हजार मुआवजा दिया जाना बहुत ही शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि आज कैंडल मार्च निकालने का उद्देश्य है कि इसकी रोशनी से सरकार की आंखें खुल सकें। अगर हालात यही रहे तो हमारी बच्चियों को कौन महफूज रखेगा। उन्होंने आगे कहा कि हमारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से यही अपील है कि पकड़े गए जो भी आरोपी हैं उनको 1 महीने के अंदर फांसी की सजा सुनाई जाए। इसके लिए न्यायालय में कड़ी पैरवी की जाए। ताकि आने वाले दिनों में इस तरह की कोई भी घटनाएं इस प्रदेश में ना हो और हमारी बच्चियां महफूज रह सके।
वहीं आम आदमी पार्टी के युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष नितिन जोशी ने कहा कि प्रदेश में हो रही ऐसी घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। बहू बेटियों के साथ, मां बहनों के साथ, ऐसी घटनाओं को करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सरकार को करनी चाहिए। अगर सरकार ऐसे मामले को गंभीर रूप से नहीं लेती, तो आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ भी प्रदर्शन करेगी। इसलिए आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपील करती है कि ऐसे अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ताकि ऐसी सजा दूसरे अपराधियों के लिए एक सबक बन सके।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



