फ्लाईओवर की दीवारों की जर्जर हालत पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र के आवास घेराव को निकले आप कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका
देहरादन में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डोईवाला विधानसभा के अंतर्गत बने मियांवाला फलाईवओवर के निर्माण की सीबीआई से जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री और डोईवाला विधायक त्रिवेन्द्र सिंह रावत के डिफेंस कॉलोनी आवास का घेराव के लिए कूच किया गया। कार्यकर्ताओं को पुलिस ने विधानसभा के पास ही रोक लिया। इस मौके पर राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया।पुलिस ने जब आप कार्यकर्ताओं को रोका तो उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सभी आप कार्यकर्ता विधानसभा के पास ही सडक पर बैठ गए। उन्होंने बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आप नेता राजू मौर्य ने कहा कि प्रदेश में 32 पुल टूट चुके हैं। इनमें भानियावाला का मुख्य पुल है। इसके साथ मियांवाला में बने फलाईओवर की दोनों तरफ बनी दीवारें जर्जर स्थिति में हैं। इस पुल का निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के शासनकाल में हुआ। जो इतनी जल्दी धराशायी होने के स्थिति में पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि इस पुल के पास बनी सर्विस लेन से रोजाना बालावाला, नथुवावाला, गुल्लरघाटी, शमशेरगढ़ समेत आसपास के हजारों लोग रोज आवाजाही करते हैं। ऐसे में अगर ये पुल धराशायी हो जाए तो ना जाने कितनी जान इस हादसे में जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस पुल का निरीक्षण करने कोई भी नेता या अधिकारी अभी तक नहीं पहुंचे हैं। क्षेत्रीय विधायक और पूर्व सीएम को भी इस पुल से कोई लेना देना नहीं है। उन्होनें आरोप लगाया कि इस पुल के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। इसकी जांच सीबीआई से होनी चाहिए। इसके बाद वहां पहुंचे मजिस्ट्रेट को आप कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान सरदार प्यार सिंह, भजन सिंह, सागर हांडा, विजय पाठक, जसवीर सिंह, उज्जवल कुमार, बंदूक सिंह, विजय कुमार, गीता देवी, सतनाम, चरणजीत, कमला देवी, मीनाक्षी, जमुना, हरीश, केके शर्मा, शिवम आदि कई अन्य आप कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल रहे।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






